MP के शहडोल में खनन माफिया का आतंक, ASI की ट्रैक्टर से कुचलकर की हत्या
शहडोल. एमपी के शहडोल जिले में रेत माफियाओं ने एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) की अवैध रूप से खनन की गीय रेत को ढोने के लिये उपयोग की जाने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर हत्या कर दी है। एएसआई महेन्द्र बागरी अवैध रेत उत्खनन परिवहन की खबर मिलने पर शहडोल गये थे। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। एसपी शहडोल कुमार प्रतीक ने बताया कि जिला मुख्यालय से 90 किमी दूर ब्यौहारी पुलिस थाना इलाके के अंतर्गत बडोली गांव में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात को हुई घटना के सिलसिले में 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ASI पर चढ़ाया ट्रैक्टर
ब्यौहारी थाने में तैनात एएसआई महेन्द्र बागरी 2 साथियों के साथ किसी मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने के लिये जा रहे थे। अधिकारी ने बताया कि रास्ते में उन्होंने रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपनी ओर आते हुए देखा और उसे रोकने का प्रयास किया। बागरी और अन्य पुलिसकर्मियों ने अवैध रूप से खनन की गयी रेत को ले जा रहे थे ट्रैक्टर को रोकने के लिये ड्रायवर को इशारा किया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि लेकिन वह नहीं रूका और वाहन को एएसआई के ऊपर चढ़ा दिया। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर से कूंदकर भाग गया। तेज रफ्तार वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया। एक पुलिया से टकरा गया और पलट गया। चालक राज रावत और वाहन रहे आशुतोष सिंह को बाद में गिरफ्तार कर लिया, उन्होंने बताया कि वाहन मालिक सुरेन्द्रसिंह फरार है।
पुलिस ने रखा 30 हजार का इनाम
अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और खनन अधिनियम के प्रावधानों के तहत हत्या और अवैध रेत खनन के आरोप में मामला दर्ज किया गया है । शहडोल जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, डीसी सागर ने मीडिया को बताया कि सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार करने में पुलिस की मदद करने वाली जानकारी देने वाले को 30 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है । पिछले साल नवंबर में भी शहडोल जिले के गोपालपुर इलाके में सोन नदी से अवैध रूप से खनन की गई रेत के परिवहन के लिए इस्तेमाल की जाने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक स्थानीय राजस्व विभाग के अधिकारी को कुचल दिया था।
