ग्वालियर नगर निगम में हड़कंप, बगैर काम के भुगतान की होगी जांच

ग्वालियर. इंदौर नगर निगम में अधिकारियों और ठेकेदारों की साठगांठ से बिना काम के फर्जी बिल लगाकर करोडों रुपये के भुगतान का मामला उजागर होने के बाद अब सभी नगरीय निकायों में हडकंप मचा हुआ है। मुख्यमंत्री मोहन यादव और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अन्य निकायों में भी इस तरह की गडबडी की संभावना जताते हुए उच्चे स्तरीय जांच कराने के निर्देश दिए है।
हालांकि अभी इसका अधिकृत आदेश नहीं आया है लेकिन इस कवायद के साथ ही ग्वालियर नगर निगम में भी हडकंप मचा हुआ है। दरअसल इंदौर नगर निगम में हाल ही में ड्रेनेज लाइन डालने के नाम पर करोडों रुपये का घोटाला सामने आया है। इसे नगर निगम की लेखा शाखा ने पकडा था। जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आए कि अधिकारी और ठेकेदार मिलीभगत कर टेंडर जारी करते थे इसके बाद बिना काम हुए ही बिल तैयार कर लिए जाते थे। ये बिल एक से डेढ साल बाद भुगतान के लिए भेजे जाते थे जिसे वेरिफाइ कर भुगतान करा दिया जाता था। प्राथमिक जांच में वर्ष 2016 से 2018 के बीच के कार्यों के भुगतान के बिल 2022 में लगाए गए मिले। पांच फर्मों द्वारा गत 10 सालों में किए गए 188 कार्यों को जांच में लिया गया है। घोटाले की गंभीरता देखते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव व नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सभी नगरीय निकायों में जांच कराने की बात कही। इसी बीच ग्वालियर में भी इस तरह की गडबडियों की संभावनाएं जताई गइ्र है। ऐसे में गुपचुप जांच शुरू कराई जा रही है। इसमें नलकूप खनन और सीवर लाइन बिछाने के कार्यों को जांच के दायरे में लिया जाएगा।
जांच के घेरे में आ सकती है अमृत योजना
शहर में अमृत योजना के अंतर्गत बिछाई गई पानी और सीवर की लाइनों की स्थिति किसी से छुपी नहीं है। परिषद की बैठक में कई बार पार्षद आपत्ति जता चुके हैं कि आएदिन पानी की लाइनें फूट रही हैं और सीवर की लाइनें जाम हो रही हैं। सभापति मनोज सिंह तोमर ने नेता प्रतिपक्ष हरिपाल की अध्यक्षता में जांच कमेटी का गठन कर दिया था, लेकिन आठ माह बीतने के बाद भी ये जांच आगे नहीं बढ़ सकी। इसका कारण है कि अधिकारियों द्वारा जांच कमेटी को दस्तावेज ही मुहैया नहीं कराए जा रहे हैं। ऐसे में अमृत योजना में गड़बड़ी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। आशंका जताई जा रही है कि अमृत योजना के अंतर्गत कराए गए सैकड़ों करोड़ों रुपए के कार्य जांच के घेरे में आ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *