दौलतगंज स्थित मोदी काम्पलेक्स में चोरी करने घुसा नशेड़ी बोरों में लगाई आग
ग्वालियर. दौलतगंज स्थित मोदी काम्पलेक्स में चोरी करने के लिए एक नशेड़ी घुस गया। वह काम्पलेक्स के बेसमेंट में पहुंच गया। यहां वह चोरी नहीं कर पाया तो बोरों में आग लगा दी। दौलतगंज में रहने वाले बर्तन कारोबारी माधव अग्रवाल ने बताया कि उनके चचेरे भाई गोपाल अग्रवाल की मोदी काम्पलेक्स के बेसमेंट में दुकान है। यहां स्क्रेप व डिस्पोजल की भी दुकानें हैं। रात को दुकान बंद कर सभी घर चले गए।
देर रात करीब 1 बजे काम्पलेक्स के अंदर नशेड़ी चोरी करने के उद्देश्य से घुस गया। उसने दुकान के बाहर रखे बोरों में आग लगा दी जो गोपाल की दुकान के अंदर तक पहुंच गई। फिर धुआं अंदर ही अंदर गोपाल के घर के कमरों तक भी पहुंच गया। चौकीदार की नजर पड़ी तो यहां रहने वाले मनोज गिदवानी को बताया। कमरों में धुआं भरने से गोपाल के स्वजन घबराकर बाहर की तरफ भागे। नीचे आग बुझाने के बाद जब पहुंचे तो यहां एक युवक मिल गया। वह नशे में था और कंबल ओढ़कर लेटा हुआ था।
