EVM लेबोरेटरी में मतदान दल व्यवहारिक रूप से सीख रहे हैं मतदान की बारीकियाँ
ग्वालियर – EVM लेबोरेटरी में पीठासीन अधिकारी व मतदान अधिकारी क्र.-1 व्यवहारिक रूप से ईवीएम से मतदान कराने की बारीकियाँ सीख रहे हैं। यहाँ भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान (IITTM) में मतदान दलों को द्वितीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण स्थल पर 7 EVM लेबोरेटरी बनाई गईं हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा ग्वालियर संसदीय क्षेत्र में चुनाव पर निगरानी रखने के लिये नियुक्त सामान्य प्रेक्षक श्री कृष्णा आदित्य ने शुक्रवार को प्रशिक्षण का जायजा लिया।
गत 13 अप्रैल से शुरू हुआ मतदान दलों का द्वितीय प्रशिक्षण 22 अप्रैल तक आयोजित होगा। द्वितीय प्रशिक्षण में लगभग साढ़े पाँच हजार पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारी क्र.-1 को प्रशिक्षित किया जा रहा है। आईआईटीटीएम में दो पालियों में आयोजित हो रहे इस प्रशिक्षण में एक पाली में ईवीएम लेबोरेटरी के माध्यम से व्यवहारिक प्रशिक्षण और दूसरी पाली में चुनाव से संबंधित सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
पीठासीन अधिकारी को मतदान केन्द्र की स्थापना, मतदान शुरू होने से पूर्व की जाने वाली घोषणा, एजेन्टो की मौजूदगी में मोकपोल, ग्रीन पेपर सील लगाना, स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए रक्षोपाय, मतदान केन्द्र में और बाहरी 200 मीटर की परिधि में प्रतिबंधात्मक आदेशों के पालन आदि का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
