AAP विधायक अमानतुल्ला को ED ने गिरफ्तार किया
नई दिल्ली. दिल्ली में आम आदमी पार्टी सरकार की मुश्किलें बढती जा रही है। वक्फ बोर्ड नियुक्ति घोटाले में आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान को गिरफ्तार किया गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अमानतुल्लाह खान गुरूवार को ईडी के सामने पेश हुए थे। ईडी दफ्तर में करीब 9.30 घंटे उनसे पूछताछ हुई जिसके बाद एजेंसी के अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

अमानतुल्ला खान पर आरोप है कि दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने 32 लोगों को अवैध रूप से भर्ती किया। इसके साथ ही उन्होंने अवैध रूप से दिल्ली वक्फ बोर्ड की कई संपत्तियों को किराए पर दिया है। आम आदमी पार्टी विधायक पर ये भी आरोप लगाया गया है कि उन्होंने दिल्ली वक्फ बोर्ड के फंड का गलत इस्तेमाल किया है। दिल्ली वक्फ बोर्ड के तत्कालीन सीईओ ने इस तरह की अवैध भर्ती के खिलाफ बयान जारी किया था। जांच के दौरान अमानतुल्ला के करीबियों के ठिकानों से कैश बरामद हुए थे।
ईडी की तरफ से विधायक अमानतुल्लह खान को 6 समन भेजे गए थे। समन मिलने के बाद भी अमानतुल्लाह खान ईडी के सामने पेश नहीं हुए थे। उनकी तरफ से सुप्रीम कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका लगाई गई थी जिसे कोर्ट ने यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि विधायक होने के आधार पर आपको कोई छूट नहीं दी सकती। कानून सबके लिए बराबर होता है इसके साथ ही कोर्ट ने कहा कि ईडी के समन को बार-बार नजरअंदाज करना गलत है। इसके बाद खान ईडी के सामने पेश हुए थे।
