नई एयरटर्मिनल बिल्डिंग से विमानों का संचालन कल से बेंगलुरू की फ्लाइट पहली बार करेगी लैंड
ग्वालियर. नई एयरटर्मिनल बिल्डिंग के लोकार्पण के 18 दिन बाद नए भवन से विमानों का संचालन गुरूवार यानी 28 मार्च से शुरू होगा। नई एयरटर्मिनल बिल्डिंग से विमानों का संचालन करने के लिए ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्यूरिटी (बीसीएस) ने सुरक्षा मानकों की पहले ही जांच पूरी कर ली थी साथ ही सीआईएसएफ के बढे हुए स्टॉफ के साथ नई एयर टर्मिनल बिल्डिंग से विमानों का आवागमन करने के लिए मंजूरी प्रदान कर दी थी। अब केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सीआईएसएफ का 60 लोगों का स्टाफ बढा दिया है, हालांकि एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा 90 लोगों का अतिरिक्त स्टाफ मांगा गया था। अभी वर्तमान में एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ का लगभग 100 लोगों का स्टाफ पदस्थ है।
नए जवानों के आने के बाद यह संख्या बढकर 160 हो जाएगी। अभी ग्वालियर से बेंगलुरू, हैदराबाद और नई दिल्ली के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संचालित की जा रही है। इंडिगो की नई दिल्ली और मुंबई के लिए एयरबस संचालित हो रही है। वहीं अकासा की अहमदाबाद व मुंबई के लिए फ्लाइट संचालित हो रही है, जबकि एलाइंस एयर की फ्लाइट इंदौर के लिए संचालित हो रही है।
एक बार में 1400 यात्री आ-जा सकेंगे
गुरूवार को एयर इंडिया की बेंगलुरू की पहली फ्लाइट नई एयरटर्मिनल बिल्डिंग के पास बने नए एप्रन एरिया में लैंड करेगी। नई बिल्डिंग में यात्रियों के लिए 4 एयरब्रिज बनाए गए है। ऐसे एयरोब्रिज पर एयरबस और बोइंग टाइप के विमान खडे होंगे। बोर्डिंग गेट से ऐसे एयरोब्रिज से यात्री सीधे विमान के अंदर आ और जा सकेंगे, साथ्ज्ञ ही चेक इन काउंटर की सुविधा 16 रहेगी जो कि अभी तक 7 थी। इससे यात्रियों को लाइन पर खडे होने की जरूरत नहीं पडेगी। इसके साथ ही नई बिल्डिंग में तीन कन्वेयर बेल्ट है। अब व्यस्ततम समय में एक बार में 1400 यात्री आ और जा सकेंगे।
28 से नई बिल्डिंग से विमानों का संचालन शुरू
28 मार्च से नई टर्मिनल बिल्डिंग से विमानों का संचालन शुरू हो जाएगा। अब यात्री पुरानी बिल्डिंग की बजाय नई बिल्डिंग से फ्लाइट में उडान भर सकेंगे।
स्ंदीप अग्रवाल, निदेशक, राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयरपोर्ट
