महाकाल मंदिर में रंगपंचमी पर नहीं उड़ेगा गुलाल

उज्जैन. विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में धुलेंडी पर हुए हादसे के बाद मंदिर प्रशासन सख्त हो गया है। मंगलवार से व्यवस्था में परिवर्तन हुआ है और गर्भगृह व नंदी हाल में अनधिकृत लोगों व सोलाधारियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इसके बलावा समिति ने गर्भगृह, नंदी हाल आदि में रंग, गुलाल उडाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। यानी श्रद्धालु या अन्य कोई रंग-गुलाल नहीं ले सकेंगे। रंगपंचमी पर भी यह रोक जारी रहेगी। इस दिन केवल पुजारी-पुरोहित भगवान महाकाल को प्रतीकात्मक रूप से टेसू के फूलों से बना प्राकृतिक रंग अर्पित करेंगे। मंदिर समिति पुजारी-पुरोहितों को टेसू के फूलों से बना प्राकृतिक रंग उपलब्ध कराएंगी। मंदिर समिति अन्य व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने के लिए एक्शन प्लान भी बना रही है। इसे जल्द अमलीजामा पहनाया जाएगा। बता दें कि ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में होली के दिन सोमवार सुबह भस्म आरती के दौरान गर्भगृह में आग लग गई। इससे पुजारी, पंडे और सेवकों सहित कुल 14 लोग झुलस गए। नौ घायलों को इंदौर रैफर किया गया था। घटना को लेकर मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। तीन दिन में रिपोर्ट आएगी। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने सभी घायलों से मुलाकात की थी। घायलों को एक लाख रुपये की सहायता राशि भी दी जा रही है।
अभी तक यह कारण सामने आया
महाकाल मंदिर में रोज की तरह सोमवार तड़के भस्म आरती हो रही थी। पूजन के क्रम में सुबह 5.45 बजे कपूर आरती शुरू हुई। इसी दौरान किसी ने स्प्रे, सिलेंडर से गुलाल उड़ाया। केमिकल युक्त गुलाल कपूर के संपर्क में आया और आग भभक गई। गर्भगृह की दीवारें चांदी से मंडित हैं। ऊपर रुद्र यंत्र है। गुलाल से यह खराब न हो, इसलिए इन्हें ढंका जाता है। हर बार इसे सूती कपड़े आदि से ढंका जाता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *