चंबल का सबसे बडा स्वीमिंग पूल तरूण पुष्कर अप्रैल में होगा शुरू

ग्वालियर. शहर में जारी पानी की किल्लत का असर तैराकी के शौकीनों पर नहीं पडेगा। नगर निगम अप्रैल के प्रथम सप्ताह में अंचल के सबसे बडे व आधुनिक सुविधाओं वाले स्वीमिंग पूल तरण पुष्कर 2 अप्रैल से शुरू करेगा। इसमें कुल 9 बैच होंगे और इसके फॉर्म 28 मार्च से उपलब्ध होंगे। उल्लेखनीय है कि शहर में एक दिन छोडकर पानी की सप्लाई और नगर निगम में पेड-पौधों की सिंचाई के लिए सीवर के रिसाइकिल वॉटर यूज करने जैसे उपाय कर रहा है। इससे खेलप्रेमियों से आशंका थी कि स्वीमिंग पूल शुरू होगा या नहीं। अब नगर निगम ने साफ कर दिया कि स्वीमिंग पूल शुरू होगा और इसके रिसाइकिल वॉटर का उपयोग ग्राउंड वॉटर लेवल बढाने व पार्कों में किया जाएगा। स्वीमिंग पूल को वहीं के ट्यूबवैल से भरा जा रहा है। इसी पानी को रिसाइकिल किया जाएगा। इसके लिए बाहर से कोई अतिरिक्त पानी नहीं लिया जाएगा। पूल शुरू होने की तारीख निश्चित नहीं है लेकिन 2 अप्रैल की संभावना व्यक्त की जा रही है। तरूण पुष्कर में दो पुरूष प्रशिक्षक और एक महिला प्रशिक्षक है इसके अलावा बैच के दौरान लाइफ गार्ड भी मौजूद रहेंगे। अभी 8 लाइफ गार्ड वहां पर रखे गए है।
शुरूआत में 9 बैच रखे जाएंगे
तैराकी का शौक रखने वालों के लिए तरण पुष्कर शुरू से ही पसंदीदा स्थान रहा है। इसे चलाने के लिए 8 बैच रखे जाते है लेकिन गर्मियों की छुट्टियों में भीड बढ जाती है। इस कारण से शुरूआत में 9 बैच से इसे शुरू किया जाएगा। जिसमें पांच बैच सुबह और 4 बैच शाम को रहेंगे। पहला बैच 45-45 मिनट के रहेंगे, जबकि 15 मिनिट का समय कपडे इत्यादि बदलने के लिए दिया जाएगा। शाम को 5 से 6 और 6 से 7 बजे वाला बैच केवल लडकियों का रहेगा। 7 से 8 का बैच परिवार के लिए रहेगा।
मार्च से मिलेंगे आवेदन पत्र
तरूण पुष्कर में प्रवेश के लिए 28 मार्च से फॉर्म मिलना शुरू होंगे। इसका फॉर्म 100 रुपए का होगा। इस फार्म को जब भी जमा किया जाएगा उसके साथ प्रत्येक व्यक्ति को अपना आधार कार्ड की फोटो कॉप्ी जमा करनी होगी। इसका 1000 रुपए पंजीयन शुल्क रहेगा। इसमें 14 वर्ष या उससे ऊपर के उम्र के ही व्यक्ति को एडमिशन मिलेगा। उम्र का बंधन तरूण पुष्कर की गहराई को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि के कारण रखा गया है जिसका एडमिशन होगा उसे एक कार्ड दिया जाएगा और उसी कार्ड के आधार पर रोजाना प्रवेश मिलेगा।
अप्रैल के प्रथम सप्ताह में शुरू कर देंगे तरूण पुष्कर
तरूण पुष्कर को अप्रैल के प्रथम सप्ताह में शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए हमने तैयारी शुरू कर दी है। उसकी पूरी साफ सफाई करा दी गई है। तरूण पुष्कर शुरू होने पर वहां पर सुरक्षा के पूरे इंतजाम रहेंगे। इसके लिए संबंधित अधिकारी को भी निर्देश दिए गए है।
हर्ष सिंह, आयुक्त, नगर निगम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *