ग्वालियर में जलसंकट का अलर्ट, सबसे तेज घट रहा जमीन का जल स्तर
ग्वालियर. ग्वालियर शहर जल संकट के मुहाने पर खड़ा हुआ है। यहां कई इलाके तो ऐसे हैं, जहां पिछले 10 सालों की तुलना में जमीन का जल स्तर 10 से 20 मीटर तक नीचे जा चुका है। यानी ये शहर ग्राउंड वाटर लेविल के मामले में सेमी क्रिटिकल जोन में आ चुका है। लेकिन इसके बाद भी अफसरों का रवैया गैर जिम्मेदाराना है। क्योंकि जिम्मेदारों की तरफ से जल स्तर बढ़ाने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए हैं।
गर्मी में आ सकता है जल सकंट
बीते साल के संभागीय भू-जल सर्वेक्षण ईकाई ग्वालियर के आंकड़ों पर गौर करें तो शहरी क्षेत्र में कई इलाकों में 0.10 से लेकर 2.50 मीटर तक भू-जल स्तर में कमी आई है। भू-जल गिरने के पीछे मुख्य कारण बीते दो साल से कम बारिश होना और स्थानीय जलाशयों, वाटर बॉडीज पर जिम्मेदार अफसरों द्वारा ध्यान नहीं दिया जाना है। शहरी क्षेत्र के सर्वे में 38 इलाकों में सिर्फ 10 इलाके ऐसे हैं, जहां भू-जल स्तर में बढ़ोतरी हुई। ये आंकड़ा 1 जनवरी 2023 से 1 जनवरी 2024 तक के सर्वे के मुताबिक है। शहर में कई वर्षों से वाटर बॉडी रिचार्ज के प्रयास नहीं हुए हैं और ना ही रैन वाटर हार्वेस्टिंग को लेकर कोई योजना बनी है। इससे गर्मी के दिनों में शहर में कई इलाकों में पानी की परेशानी हो सकती है।
भू-जल स्तर बढ़ाने के लिए नहीं हुए प्रयास
सेंट्रल ग्राउंड वाटर बोर्ड (सीजीडब्ल्यूबी) की रिपोर्ट के अनुसार, ग्वालियर में भू-जल स्तर सेमी क्रिटिकल स्थिति में पहुंच गया है। लगातार भू-जल स्तर गिरने की वजह बढ़ती आबादी, अनियंत्रित भू-जल दोहन, अनियंत्रित शहर विस्तार और जल संचय की कमी है। करीब 10 साल पहले शहर में वाटर बॉडी की सफाई और रिचार्ज के लिए काम किया गया था ताकि फिर से भूमि से जल मिल सके। लेकिन उसके बाद कोई ध्यान नहीं दिया गया। वहीं पीएचई विभाग के अनुसार, अब शहर के अधिकतर इलाकों में चलने वाले ट्यूबवेल में पाइप बढ़ाने की नौबत आ गई है। कई इलाकों में भू-जल स्तर 10 फीट तक नीचे गिरा है।
