चिट तैयार करते शिक्षकों का वीडियो वायरल, 8 निलंबित, केंद्राध्यक्ष को हटाया

शिवपुरी. बोर्ड पैटर्न पर शुरू हुई पांचवीं और आठवीं कक्षा की परीक्षा के दौरान शिवपुरी विकासखंड के मोहनगढ परीक्षा केंद्र का एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में कुछ शिक्षक नकल की चिट तैयार करते देखे गए। इस मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए 8 शिक्षकों को निलंबित कर दिया। केंद्राध्यक्ष को हटा दिया गया है, जबकि एक अतिथि शिक्षक की सेवा समाप्ति के लिए कार्यवाही तेज शुरू की गई है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार वीडियो में दिखे शिक्षकों की पहचान कैलाश जाटव, वृंदावन लाल योगी, दीपिका लोधी, केशवराम भगत, रूपेंद्र सिंह वरूण, उम्मेद सिंह रावत के रूप में हुई। जो पास के स्कूलों में पदस्थ है और केंद्र पर ड्यूटी न होने के बावजूद वहां मौजूद थे। इसी केंद्र पर अतिथि शिक्षक पुनीत शाक्य प्राथमिक विद्यालय पटपरा ने अनाधिकृत तौर पर मोबाइल लेकर परीक्षा केंद्र में घुसने का प्रया किया व रोकने पर केंद्राध्यक्ष शिवकुमार मित्तल से अभद्रता की।
इसके अलावा पोहरी विकासखंड में शिकायत दर्ज कराई गई कि सहायक केंद्राध्यक्ष बैजनाथ सिंह ज्योतिष तथा प्राथमिक शिक्षक जगदीश चंद्र जैन ने केंद्राध्यक्ष के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इन मामलों में कार्रवाई करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी समर सिंह राठौड ने आठों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। अतिथि शिक्षक की सेवा समाप्त करने को लेकर संकुल प्रभारी को पत्र लिखा है। इधर मोहनगढ केंद्र के केंद्राध्यक्ष शिवकुमार मित्तल को भी हटा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *