आंसू बन गए सुर और हिचकियां लय -वरिष्ठ संगीत साधिका प्रो रंजना टोनपे की स्मृति में संगीत सस्वर साधकों ने दी स्वरांजली
ग्वालियर। संगीत विदुषी प्रो. रजंना टोणपे की शख्सियत, उनका व्यक्तित्व और कृतित्व ऐसा चुंबकीय था, कि उनके निधन से ग्वालियर का संगीत समाज गहरे तक मर्माहत है। उनका असमय जाना सभी को अखर रहा है। उनकी याद में रविवार को रागायन परिवार की स्वरांजलि सभा हुई तो सुर मानो आंसुओं में तब्दील हो गए और हिचकियां लय बन गईं।
कलाकारों ने नम आंखों से उन्हें स्वरांजलि अर्पित की
सिद्धपीठ श्रीगंगादास जी की बड़ी शाला में प्रो. रजना टोणपे की याद में सजी स्वरांजलि सभा का शुभारंभ राजामानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के तबला विभाग के विद्यार्थियों ने डॉ. मनीष करवड़े ने तैयार ‘बसंत’ की प्रस्तुति दी। नौ मात्रा की ताल बसंत और राग बसंत के लहरे में बंधी इस प्रस्तुति में अविनाश राजावत, सुयश दुबे, बसंत हरमरकर एवं विजय सिंह ने ताल के स्वरूप को बखूबी पेश किया। सारंगी पर अब्दुल हमीद खां ने लहरा दिया।
अगली प्रस्तुति में युवा गायक हेमांग कोल्हटकर ने राग ‘देव गांधार’ ये अपने गायन की शुरुआत की। इस राग में उन्होंने दो बंदिशें पेश की। एकताल मेंं निबद्ध विलंबित बंदिश के बोल थे- रैन के जागे ‘ जबकि तीन ताल में मध्यलय के बंदिश के बोल थे-” बरजोरी न करो रे कन्हाई।” इन दोनों ही बंदिशों को हेमांग ने रागदारी की बारीकियों के साथ पेश किया। राग बसंत के गायन को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने तीनताल द्रुत लय में बंदिश पेश की- पिया संग खेलूं होली। उनके साथ तबले पर डॉ. मनीष करवड़े एवं हारमोनियम पर श्री अनूप मोघे ने साथ दिया।
तीसरी प्रस्तुति में पं. श्रीराम उमड़ेकर के शिष्य दीपांशु का सुमधुर सितार वादन हुआ। दीपांशु ने राग चारुकेशी में तीन गतें बजाईं। विलंबित मध्य एवं द्रुतलय की तीनों ही गतें तीन ताल में निबद्ध थीं। दीपांशु के साथ उनके पिता श्रीराजेन्द्र शर्मा ने बेहद सधी हुई संगत का प्रदर्शन किया।
सभा का समापन प्रख्यात गायिका डॉ. वीणा जोशी के खयाल गायन से हुआ। उन्होंने राग मदमाद सारंग से अपने गायन की शुरुआत की। इस राग में उन्होंने दो बंदिशें पेश की। एक ताल निबद्ध विलंबित बंदिश के बोल थे- ‘सुन लो मोरी श्याम’ जबकि तीनताल में मध्यलय की बंदिश के बोल थे- ऐसो नटखट है छैल नंद….। इन दोनों ही बंदिशों को उन्होंने बड़े ही सहज ढंग से रागदारी की बारीकियों का निर्वहन करते हुए गाया। गायन का समापन उन्होंने राम भजन ‘जन्म सफल होगा रे बंदे…’ से किया। गायन के दौरान रंजना टोणपे को याद करते हुए वीणा जी का कई बार गला रुंधा, आंखों से अश्रुधारा बह निकली लेकिन उन्होंने पूरी सिद्धत से अपनी स्वरांजलि अर्पित की। उनके साथ तबले पर डॉ. विनय विंदे एवं हारमोनियम पर श्री संजय देवले ने संगत की।
शुरु में रागायन के अध्यक्ष एवं सिद्धपीठ श्री गंगादासजी की बड़ी शाला के महंत स्वामी रामसेवकदास जी ने मां सरस्वती का पूजन अर्चन किया एवं गुरु आराधना की। इस अवसर पर शहर के वरिष्ठ संगीत साधक, कला रसिक व विद्यार्थी उपस्थित थे।
रंजना जी की याद में हर साल फरवरी में होगी संगीत सभा
डॉ रंजना टोनपे को याद करते हुए रागायन के अध्यक्ष एवम शाला के महंत स्वामी रामसेवक दास ने कहा कि वे रागायन परिवार का हिस्सा थीं। उनका जाना संगीत जगत की अपूरणीय क्षति है। वे भौतिक रूप से हमारे बीच भलेही न हों लेकिन यादों में वे हमेशा रहेंगी। रागायन परिवार उनकी याद में प्रतिवर्ष फरवरी माह में संगीत सभा का आयोजन करेगा।
कार्यक्रम में प्रख्यात तबला वादक डॉ मुकेश सक्सेना , पंडित श्रीराम उमड़ेकर शरद बक्षी, संजय देवले , सुधीर मसूरकर ने भी प्रो रंजना टोनपे के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और कहा कि वे जितनी अच्छी गायिका थी उतनी ही अच्छी इंसान भी थी। सहजता सरलता उनके स्वभाव का हिस्सा थीं। कार्य के प्रति वे पूर्णतः समर्पित रहती थीं। आज भले ही वे हमारे बीच नहीं हैं लेकिन अपनी गायकी से अपने अच्छे कार्यों से वे सदैव हम सबके बीच रहेंगी। अंत में सभी ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत रंजना की आत्मशांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
