मां और भाई कराते थे नाबालिग से देह व्यापार
ग्वालियर. 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा से देह व्यापार कराने वाली मां और उसके भाई को न्यायालय ने 25-25 वर्ष की सजा और 20-20 हजार रूपये का जुर्माना लगाया है। रिश्तों को कलंकित करने वाली मां और भाई को पॉक्सो कोर्ट ने कठोर कारावास की सजा दी है। दोनों को 14 वर्षीय नाबालिग से लगभग 4 वर्ष तक देह व्यापार कराने के मामले में दोषी ठहराया गया है।
एक अन्य दुष्कर्म करने वाले आरोपी समीर उर्फ इस्तेकार को भी न्यायालय ने 25 साल की कैद और 20 हजार रूपये का जुर्माना लगाया है। हालांकि इस केस के मुख्य आरोपी संजू दुबे54, को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई। वहीं नाबालिग के बड़े भाई व एक अन्य आरोपी शानू को न्यायालय ने साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया। न्यायालय ने पीडि़ता को जुर्माने की राशि 60 हजार के साथ ढाई लाख रूपये बतौर मुआवजा दिलाने के निर्देश दिये हैं।
क्या है पूरा मामला
एडीपीओ आशीष सिंह राठौर ने बताया महिला पुलिस थाना, पड़ाव में 7 सितंबर 2019 को नाबालिग ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह दतिया की निवासी है और माता-पिता व दो भाई के साथ रहती है। पिता एसएएफ से रिटायर हैं। मां व दोनों भाई उसे घर के पास रहने वाले अधेड़ 54 वर्षीय संजू दुबे के पास छोड़कर चले जाते थे। संजू उसके साथ दुष्कर्म करता था। जब वह परिजन से शिकायत करती थी तो परिजन उल्टा उसे ही डांट लगाते थे। ये क्रम 2015 से शुरू हुआ, जो साल 2019 तक चलता रहा। एक बार उसके दोनों भाई व मां ग्वालियर आए। यहां दौलतगंज स्थित सरस्वती भोजनालाय में उसे संजू दुबे के सुपुर्द किया और खुद मार्केट चले गए। यहां भी संजू ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां नाबालिग पर संजू से शादी कराने का दबाव बनाती थीं।
पीडि़ता ने हाईकोर्ट में बताई आप बीती
इस अपराध का खुलासा तब हुआ जब नाबालिग की मां ने हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की। इसमें आरोप लगाया कि जालौन के रिश्तेदार नाबालिग बेटी को जबरन रखे हुए हैं। न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने नाबालिग को न्यायालय में पेश किया। यहां नाबालिग ने बताया कि वह किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिये रिश्तेदार के घर आई थी। चूंकि उसके परिजन उससे वैश्यावृति करा रहे थे। इसी के चलते वह पुनः घर नहीं जाना चाहती है।
संजू कहता था तेरी मां को पांच लाख रुपए दे रहा हूं
जब नाबालिग विरोध करती थी तो उसे संजू ने बताया था कि वह उसकी मां को 5 लाख रुपए देने वाला है। 2019 में उसके परिजन अजमेर गए। दतिया के ही रहने वाले समीर और शानू भी वहां पहुंच गए। परिजन ने उसे होटल में समीर के साथ छोड़ दिया और घूमने के लिए रवाना हो गए। यहां समीर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। समीर ने बताया कि उसने परिजन को 20 हजार रुपए दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मां, बड़े व छोटे भाई के साथ ही समीर, शानू और संजू दुबे के खिलाफ मामला दर्ज किया।
