शहर के अधिकांश CCTV कैमरे बंद, जरूरत पड़ने पर फुटेज के लिए भटकती है पुलिस
मुरैना. शहर में निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए हर व्यस्त व सार्वजनिक स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कानून की यह तीसरी आंख बंद है। जब इन कैमरों की जरूरत पड़ती है, तब यह बंद मिलते हैं। पुलिस को बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज के लिए कभी दुकानों तो कभी घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को ढूंढना पड़ता है।
दूसरी ओर शहर में हो रही लगातार वारदातों के बाद पुलिस को इन कैमरों की सुध आई और शुक्रवार को कुछ मुख्य व व्यस्त स्थलों के बंद कैमरों को चालू करने की कवायद शुरू हुई। सीसीटीवी कैमरो के बंद या खराब होने के कारण आम जनता किस तरह अपराध का शिकार हो रही है, इसे ऐसे समझें कि पांच दिन पहले फाटक बाहर क्षेत्र में छह साल के बच्चे के अपहरण का प्रयास हुआ। तीन बाइक सवार बदमाशों ने बच्चे के पिता अरुण गोयल की आंखों में मिर्च झोंकी और फिर छह साल के माधव गोयल को कंबल में लिपेटकर दोपहिया वाहन पर बैठा लिया, गनीमत यह रही कि बच्चा छूटकर भागने में सफल रहा।
बच्चे के अपहरण का प्रयास ओवरब्रिज के पास लगे सीसीटीवी कैमरों के सामने हुआ, जो बंद व धुंधली हालत में हैं। इसलिए पुलिस बदमाशों की पहचान कर पाने में अब तक असफल है। जरूरत पड़ने पर पुलिस को घर व दुकानों के बाहर लगे कैमरों की फुटेज के लिए भटकना पड़ता है। 5 फरवरी को सराफा बाजार में हुई साढ़े 6 लाख की लूट करने वाले बदमाशों की पहचान के लिए भी पुलिस रातभर जागी और निजी लोगों के कैमरों की दर्जनों फुटेज निकालीं। यह तो केवल उदाहरण हैं, ऐसी कईयों घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सीसीटीवी कैमरे काम हीं आ सके।
