भाजपा चुनाव समिति की बैठक में प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा, शिवराज को छिंदवाड़ा, मुरैना से डा नरोत्तम मिश्रा लड़ाने का सुझाव

भोपाल. मध्य प्रदेश भाजपा चुनाव समिति की बैठक में लोकसभा की जिन छह संसदीय सीटों के प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा की गई, उनमें उन पूर्व केंद्रीय मंत्रियों के नाम भी शामिल हैं, जो विधानसभा चुनाव जीतकर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय हो गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी लोकसभा चुनाव लड़ाने पर चर्चा हुई। कहा गया कि कांग्रेस का गढ़ छिंदवाड़ा में भाजपा का परचम फहराने के लिए चौहान को प्रत्याशी बनाया जाए। जबलपुर से राकेश सिंह, दमोह से प्रहलाद पटेल, सीधी से रीति पाठक, ग्वालियर-चंबल संभाग से नरेंद्र सिंह तोमर व विष्णुदत्त शर्मा के नाम भी लोकसभा प्रत्याशियों की सूची में शामिल हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार लोकसभा के प्रत्याशियों के जिन नामों पर विचार किया गया, उनमें जबलपुर से जगत बहादुर सिंह अन्नू, विनोद गोटिया, प्रशांत सिंह के नाम पर चर्चा की गई। सीधी से कांतिदेव सिंह, अजय प्रताप सिंह, राजेंद्र मिश्रा और शरदेंदु तिवारी का नाम पैनल में रखा गया है।
पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट पर दमोह से राहुल लोधी, ऋषि लोधी, जयंत मलैया और जिलाध्यक्ष प्रीतम सिंह लोधी के नाम भी सुझाए गए हैं। छिंदवाड़ा से बंटी साहू, नथ्थन शाह, मोनिका बट्टी, उत्तम ठाकुर और मुरैना से डा नरोत्तम मिश्रा, अरविंद भदौरिया के नाम पर भी विचार किया गया। होशंगाबाद से राव उदय प्रताप सिंह के अलावा कमल पटेल, डा राजेश शर्मा, माया नारौलिया के नाम पर भी चुनाव समिति ने चर्चा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *