चार दिवसीय अखिल भारतीय किसान मेला एवं प्रदर्शनी का 3 फरवरी को उद्घाटन समारोह
ग्वालियर। राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर में अंतर्राष्ट्रीय अन्नवर्ष 2023 के उपलक्ष्य में 3 से 6 फरवरी तक 4 दिवसीय अखिल भारतीय किसान मेला एवं अंतर्राष्ट्रीय तकनीकी प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह किसान मेला एवं तकनीकी प्रदर्शनी कृषि विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर राजा पंचम सिंह मार्ग ग्वालियर में 3 फरवरी को प्रातः 11 बजे से प्रारंभ होगी।
कुलपति डॉ. अरविन्द कुमार शुक्ला ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस किसान मेले में पूरे प्रदेश व देश के कोने कोने से लगभग 20 हजार कृषकों तथा 200 कृषि तकनीकी प्रदर्शनी में देश के कृषि विश्वविद्यालय, कृषि/उद्यानिकी/पशुपालन उद्यमियों तथा संबंधित विभागों के आदान उत्पाद विक्रेताओं, कंपनियों, स्वयं सहायता समूहों, कृषक उत्पादक संगठकों तथा अन्य हितग्राहियों द्वारा सहभागिता दी जा रही है। इस कार्यक्रम में कृषि विविधीकरण मॉडल, बिक्री हेतु उन्नतशील बीज एवं पौध, फल शाकभाजी, पुष्प के साथ श्रीअन्न के मूल्य सवंर्धित उत्पाद एवं परिरक्षित पदार्थ प्रदर्शनी, आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन, कृषि समस्या समाधान हेतु कृषक संगोष्ठी, कृषि प्रसार साहित्य का निःशुल्क वितरण, पशु प्रदर्शनी प्रतियोगिता (पालतू, बकरी, गाय), ड्रोन का सजीव प्रदर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा एकेडमिक अवार्ड वितरण आदि मुख्य आकर्षण रहेंगे।
विश्वविद्यालय द्वारा समस्त कृषक भाइयों, बहनों, समस्त कृषि आदान सामग्री बेचने वाले व्यापारी बंधुओं, कृषि छात्र, बेरोजगार युवा, किचन गार्डनिंग करने वाले महानुभाव, पशुपालन करने वाले कृषक बंधुओं एवं कृषि में रूचि लेने वाली बहनों एवं भाईयों से आग्रह है कि उक्त मेले एवं प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों एवं कृषि से संबंधित नई जानकारियों से अवगत हो तथा मेले के दौरान कृषि एवं उससे सम्बद्ध विषयों से संबंधित देश एवं प्रदेश के वैज्ञानिकों, पारंगत विशेषज्ञों एवं प्रगतिशील कृषकों के विचारों एवं अनुभवों का लाभ लेते हुए कृषि के साथ-साथ कृषि से संबंधित विविध संभावित रोजगारोन्मुखी जानकारी से अवगत हो।
संचार विभिन्न के माध्यम से भी अधिक से अधिक किसानों एवं युवाओं में जागरूकता लाने व मेले में भाग लेने के लिए सूचित किया जा रहा है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर की कृषि एवं कृषि से जुडी लगभग 200 प्रदर्शनियों को उद्देश्य खेती किसानी से जुडे गांवों, किसानों व युवाओं को स्वावलंबी बनाना है। इन प्रदर्शनी से ग्रामीण अंचल के बेरोजगार युवा एवं किसानों का लाभ व मार्गदर्शन प्रदान करेगी। इसमें विभिन्न विधाओं पर विषय विशेषज्ञों के द्वारा लगभग 24 से 25 व्याख्यान भी आयोजित किये जा रहे है। साथ ही जो युवा छात्र जो कृषि रूचि रखते हो उन्हें करियर चयन हेतु प्रेरित करने के लिए ग्वालियर जिले के विभिन्न स्कूलों से बच्चों को भी आमंत्रित किया गया है। जिससे उन्हें खेती एवं किसानी की विभिन्न विधाओं पर ज्ञानार्जन प्रदान किया जायेगा।
