सात किमी के दायरे में फसाड लाइटिंग से दमकेगा ग्वालियर किला
ग्वालियर. अभी 950 मीटर लंबाई में गोपाचल पर्वत की ओर फसाड लाइटिंग से रोशन होने वाले ग्वालियर दुर्ग को चारों ओर से फसाड लाइट से जगमगाया जाएगा। वर्तमान में पांच करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन द्वारा 2375 मीटर लंबाई में सेवा नगर, प्रेम नगर, लोहा मंडी की ओर किले पर फसाड लाइटिंग का काम कराया जा रहा है। यह कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। ग्वालियर किले का कुल दायरा सात किमी का है। ऐसे में किले का आधा हिस्सा ही फसाड लाइटिंग से रोशन हो सकेगा। बाकी आधे हिस्से को भी फसाड लाइटिंग से जगमग कराने के लिए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पहल की है।
उन्होंने उरवाई गेट, विनय नगर, कोटेश्वर, सागरताल आदि की तरफ पड़ने वाले 3700 मीटर लंबे आधे हिस्से में फसाड लाइटिंग कराने का प्रस्ताव मांगा है। इस पर 9 करोड़ रुपये की राशि खर्च होने का एस्टीमेट कार्पोरेशन ने तैयार कर लिया है, जिसे स्वीकृति के लिए केंद्रीय मंत्री को भेजा गया है। संभावना जताई गई है कि इसके लिए एयरलाइंस कंपनियों के सीएसआर मद से बजट की व्यवस्था कराई जाएगी। रात के समय किले का स्वरूप बेहतर तरह से दिखाने के लिए पूर्व में स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन ने गोपाचल पर्वत की ओर फसाड लाइटिंग की थी, इसे शहर के लोगों के अलावा देसी-विदेशी पर्यटकों ने बहुत सराहा, इसके चलते बचे हुए बजट से फूलबाग से सेवानगर की ओर फसाड लाइटिंग का प्रोजेक्ट चुना गया। अब बाकी बचे हुए हिस्से को भी रोशन करने की तैयारी है। यह प्रोजेक्ट पूरा होने की स्थिति में किले को शहर के किसी भी कोने से देखने पर यह जगमगाता हुआ नजर आएगा, इससे सैलानी आकर्षित होंगे और किले का भव्य स्वरूप भी दिखेगा।
रात को रुकेंगे सैलानी, पूरे सात किमी का होगा टूर
यह प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद सैलानी दिन में किला घूमेंगे और वहीं रात को फसाड लाइटिंग देखने के लिए वे रुक सकेंगे, इसके बाद किले के सात किमी के दायरे को पूरी तरह से देखने और आकर्षक लाइटिंग के फोटो खींचने के लिए वाहनों से उन्हें पूरा चक्कर कराया जाएगा। जगह-जगह रुककर सैलानी सेल्फी भी खींच सकेंगे। ये पूरा टूर फूलबाग से शुरू होकर सेवा नगर, किला गेट, घास मंडी, कोटेश्वर, आनंद नगर, विनय नगर, उरवाई गेट से होते हुए फूलबाग पर आकर ही समाप्त होगा।
किले की प्राचीर पर नजर आएंगे राजा मान सिंह, मृगनयनी, तानसेन और वीरांगना लक्ष्मीबाई
बचे हुए 3700 मीटर हिस्से के प्रोजेक्ट में स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन ने एक नया आकर्षण जोड़ा है, इसमें किले की दीवारों पर राजा मानसिंह, मृगनयनी, संगीत सम्राट तानसेन, झांसी की रानी वीरांगना लक्ष्मीबाई के चेहरे भी नजर आएंगे। दरअसल, इस परियोजना में प्रोजेक्टर को भी शामिल किया गया है। इन प्रोजेक्टर पर ग्वालियर की ऐतिहासिक हस्तियों के फोटो या उपलब्ध पुराने वीडियो भी चलाए जा सकेंगे। यह नए तरह का प्रयोग होगा और पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करेगा। केंद्रीय मंत्री सिंधिया को पिछले दिनों हुई वीडियो कान्फ्रेंसिंग में इसका प्रेजेंटेशन भी दिखाया गया था, जिसपर उन्होंने सहमति दे दी है।
