गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी, हिजबुल मुजाहिदीन का फाइनेंसर गिरफ्तार
नई दिल्ली. देश के 75वें गणतंत्र दिवस समारोह से पहले दिल्ली पुलिस को बडी सफलता हाथ लगी है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हिजबुल मुजाहिदीन के फाइनेंसर को गिरफ्तार किया है। पकडे गए आरोपी की पहचान सोपोर जिले के निवासी आतंकी रफी नजर के रूप में हुए है। इस पर आरोप है कि ये पाकिस्तान से आए पैसे को कश्मीर में दहशत फैलाने के लिए आतंकियों तक पहुंचाता था।
पाकिस्तान से आए पैसों को करता था मैनेज
सामने आई जानकारी के अनुसार आतंकी रफी नजर को पाकिस्तान से भेजे गए पैसों को मैनेज करता था और कश्मीर घाटी में दहशत की वारदात को अंजाम देने के लिए हिजबुल मुजाहिदीन से जुडे आतंकियों तक रकम भेजवाता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान से ये हवाला की रकम चैनलों की मदद से भारत पहुंचाया जाता था। पशमीना शॉल के कारोबार की आड में पडोसी मुल्क से नापाक हरकत के लिए फंडिंग की जा रही थी।
ऐसे हुई गिरफ्तारी
बता दें कि इसी महीने की 4 तारीख को दिल्ली पुलिस ने हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े आतंकवादी जावेद मट्टू को राजधानी से ही गिरफ्तार किया था। जिसके बाद मट्टू के निशानदेही पर ये बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। कोर्ट ने जावेद मट्टू को 12 दिन की पुलिस रिमांड दी थी, जबकि रफी को 4 दिन की पुलिस रिमांड में भेजा गया है। दोनों की रिमांड आज खत्म हो रही है और दिल्ली पुलिस दोनों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश करेगी।
