ग्वालियर में निजी अस्पताल में युवक की मौत, परिजनों ने की तोडफोड, जान बचाकर भागा स्टाफ

ग्वालियर. माधव डिस्पेंसरी के सामने एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत पर बवाल हो गया। अस्पताल में तोडफोड कर दी गई। मारपीट के डर से अस्पताल स्टाफ भाग खडा हुआ। सूचना मिलने पर कम्पू पुलिस मौके पर पहुंची और स्वजनों को समझाइश दी लेकिन परिजन लापरवाह चिकित्सक पर कार्रवाई करने की जिद पर अडे थे। परिजनों का कहना था कि डॉक्टर को हमारे पास लाया जाए जिसकी वजह से हमारे बेटे की जान गई है। इतना ही नहीं अस्पताल में हंगामा होते देख भर्ती अन्य मरीजों को स्वजन दूसरे अस्पताल लेकर चले गए।
पैर में घाव के बाद अस्पताल लाए
दरअसल मोहना के करसेना गांव निवासी 22 वर्षीय विशाल खटीक को पैर में इंफेक्शन होने पर सूर्या हॉस्पिटल में 4 जनवरी को भर्ती कराया गया था। मृतक विशाल के पिता मोहन खटीक ने बताया कि बेटे के पैर में घाव था जिसका ऑपरेशन होना था। 12 दिन भर्ती रखने के बाद भी ऑपरेशन नहीं किया और डॉक्टर की लापरवाही के कारण विशाल ने मंगलवार की दोपहर दम तोड दिया।
इलाज के नाम पर ज्यादा पैसे लेने का आरोप
विशाल की मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर तोडफोड कर दी। इस दौरान अस्पताल के चिकित्सक भी मौके से भाग खडे हुए। सूचना मिलने कम्पू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश देकर शांत कराया। विशाल के पिता मोहन ने बताया कि इलाज के नाम पर अस्पताल में पांच लाख रुपये ले लिए जबकि 55 हजार रुपये में इलाज करने की गारंटी ली थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *