रामलला की प्राण प्रतिष्ठा-दिन 2, गर्भ गृह में पूजा की गई

अयोध्या. अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इससे पहले 16 जनवरी से अनुष्ठान शुरू किया गया है। इसका आज दूसरा दिन है। करीब ढाई बजे निर्मोही अखाड़ा के महंत दिनेंद्र दास और पुजारी सुनील दास ने अयोध्या राम मंदिर के ‘गर्भ गृह’ में पूजा की। अयोध्या में मंगलवार से शुरू हुआ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का बुधवार को दूसरा दिन है। हर दिन अलग-अलग अनुष्ठानों का सिलसिला 21 जनवरी तक चलेगा। 22 जनवरी को रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा होगी और रामलला गर्भगृह के आसन पर विराजेंगे। इसके दूसरे दिन से ही 23 जनवरी को आम श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या का बहुप्रतिष्ठित राम मंदिर खुल जाएगा।


अयोध्या में उत्सवी माहौल, नाचते-गाते पहुंच रहे हैं हजारों राम भक्त
अयोध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी है। उत्सवी माहौल में कोई राम के भजन गा रहा है तो कोई हनुमानजी की आराधना कर रहा है। इस बीच तरह-तरह से लोग भी अपनी श्रद्धा प्रकट कर रहे हैं। बुधवार को बड़ी संख्या में कलश लेकर महिलाएं अयोध्या पहुंची, वे बधाई गीत गा रही थीं। इससे पहले मध्यप्रदेश के इंदौर से एक राम भक्त कार्तिक जोशी दौड़ते हुए अयोध्या के लिए रवाना हुए हैं। वे करीब एक हजार किलोमीटर की यात्रा दौड़ते हुए पूरी कर रहे हैं। इसके अलावा कई भक्त दंड भरते हुए अयोध्या जा रहे हैं, तो कुछ साधू अपने हाथों के बल पर जा रहे हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल ही अयोध्या रवाना हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *