पहली बार भोपाल के आसमान में उड़ेंगी पतंगें, हल्दी, कुंकुं, मलखंभ और गिद्दा-भांगडा भी होगा
भोपाल. राजधानी भोपाल में पहली बार 2 दिवसीय काइट फेस्टिवल रविवार से शुरू होगा। यहां 3 से 30 फीट तक की पतगें उड़ेगी तो हल्दी-कुंकुं, मलसखम्भ, गिद्दा, भांगड़ा होंगे तो लोहड़ी, पोंगल, बीहू जैसे प्रादेशिक त्योहारों के बारे में बताया जायेगा। मकर संक्रांति महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हो सकते हैं। इधर, लोग पतंगबाजी भी करेंगे। 15 जनवरी को दान-पुण्य और स्नान भी करेंगे।
जिला प्रशासन के साथ पर्यटन, खेल एवं संस्कृति विभाग 14-15 जनवरी को एमवीएम ग्राउंड पर मकर संक्रांति महोत्सव मनायेगा। पतंगें आकर्षण का केन्द्र होंगी। अयोध्या के राममंदिनर की झलक भी नजर आयेगी। मंदिर की कलाकृति के साथ सेल्फी के लिये अलग से सेल्फी पॉइंट बनाया जायेगा।
सितोलिया, सांप -सीढ़ी, गिल्ली-डंडा जैसे स्थानीय खेल भी खेले जायेंगे। लोहड़ी, पोंगल और बिहू जैसे प्रादेशिक त्यौहारों केबारे में बताया जायेगा। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने आमजनों से इस महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का अनुरोध किया है।
मौके पर ही मिलेगी पतंग और डोर
पतंग उड़ाने के शौकीनों के लिए कार्यक्रम स्थल पर पतंग और डोर उपलब्ध रहेगी, जो पतंग उड़ाना चाहेगा, उसे अवसर मिलेगा। साथ हो कुशल प्रशिक्षक भी होंगे, जो पतंग उड़ाने के गुर सिखाए जाएंगे। पंजाबी समाज, लायंस क्लब, सिक्ख समाज, महाराष्ट्रीयन समाज आदि विशेष रूप से पारंपरिक परिधान में आएंगे। कई आकर्षक पुरस्कार एवं सरप्राइज गिफ्ट कार्यक्रम में आने वालों को दिए जाएंगे। तिल और गुड़ से बने पकवान एवं स्थानीय फूड चखने को मिलेगा।
सूर्य को अर्क देकर शुरू होगा महोत्सव
रविवार को सूर्य को अर्क देकर मकर संक्रांति महोत्सव शुरू होगा। हल्दी-कुंकुं लगाकर महिलाएं स्वागत करेंगी। इसके बाद पतंगबाजी का दौर शुरू हो जाएगा।
ये इवेंट्स होंगे
गुजरात से आए कलाकारों द्वारा बड़े आकर की विशेष जाइंट काइट को हवा में उड़ाया जाएगा। जिनका आकर 5 से 30 फीट तक होगा। इनमें कार्टून, शेर एवं विभिन्न आकृतियों की पतंग प्रोफेशनल उड़ाएंगे।
एरो मॉडलिंग शो में नागपुर के एक्सपर्ट 10 विभिन्न एरो मॉडल द्वारा एयर शो, फ्लावर ड्राप, बैनर शो करेंगे।
मलखंभ का प्रदर्शन, गिद्दा, भांगड़ा और लोक-नृत्य का समागम भी होगा।
युवाओं एवं छात्रों के लिए एरो मॉडलिंग, एरो नॉटिक साइंस पर प्रशिक्षण एवं लाइव एरो मॉडल बनाने का प्रदर्शन होगा।
स्वरोजगार से जुड़ी महिला उद्यमी, SSG महिला समूह के उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। महिला चलित फूड स्टॉल, तिल-गुड़ स्पेशल फूड फेस्ट और स्थानीय व्यंजन भी होंगे। जिला स्तरीय पतंगबाजी प्रतियोगिता भी होगी।
शाम को लोहड़ी का कार्यक्रम होगा। जिसमे बोन फायर के साथ सांस्कृतिक कार्यकम का आयोजन किया जाएगा।
15 जनवरी को महोत्सव का समापन हो जाएगा।
त्योहारों को विज्ञान से जोड़ने के लिए आयोजन
जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद (डीएटीसीसी) भोपाल, पर्यटन विभाग तथा खेल एवं युवक कल्याण विभाग के सहयोग से पारंपरिक त्योहारों को आधुनिक विज्ञान से जोड़ते हुए भोपाल में दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसमें पारंपरिक तांगा चालकों द्वारा सैलानियों को घुमाया जाएगा।
