मध्यप्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी भंग, नये सिरे से होगी नियुक्तियां, जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी काम देखतें रहेंगे

भोपाल. मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया है। मप्र कांग्रेस प्रभारी जितेन्द्र सिंह ने यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि आगामी आदेश तक जिलाध्यक्ष और प्रभारी काम करते रहेंगे। अब नये सिरे से नियुक्तियां होगी।
इससे पहले हाल ही में ऑलइंडिया कांग्रेस कमेटी ने कमलनाथ की जगह जीतू पटवारी को प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है। जबकि रणदीप सुरजेवाला की जगह भंवर जितेन्द्र सिंह को मध्यप्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया है। नयी जिम्मेदारी मिलने के बाद जितेन्द्र सिंह मंगलवार को भोपाल पहुंचे। जहां उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बैठक ली। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरूण यादव और सुरेश पचौरी मौजूद रहें।
जितेंद्र बोले- शिवराज को साइड कर दिया
बैठक से पहले जितेंद्र सिंह ने मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल में गोपाल भार्गव को शामिल नहीं किए जाने पर कहा, ‘यह भाजपा का अंदरूनी मामला है, लेकिन व्यक्तिगत रूप से मुझे दुख होता है। बहुत सारे सीनियर लोग हैं, चाहे विजयवर्गीय हों, पटेल हों, तोमर हों और खासतौर पर शिवराज सिंह चौहान… जिनको आगे रखकर चुनाव लड़ा गया, उनको एक तरह से साइड में कर दिया गया।’
पटवारी बोले- आशा है कि वादों पर निर्णय लेगी कैबिनेट
PCC चीफ जीतू पटवारी ने कैबिनेट विस्तार पर कहा, ‘हमें आशा है कि किसानों को गेहूं का दाम 2700 रुपए प्रति क्विंटल और धान का दाम 3100 रुपए प्रति क्विंटल दिया जाएगा। बहनों को 3000 रुपए का शिवराज सिंह चौहान ने जो चिल्ला-चिल्ला कर लाड़-प्यार का रोना गाना गाया था, सारे निर्णय यह कैबिनेट लेगी।’
जीतू पटवारी ने PCC के राजीव गांधी सभागार में बैठक शुरू होने के पहले उन कार्यकर्ताओं को बाहर कर दिया, जो आमंत्रित नहीं किए गए थे।
