राजभवन में 3.30 बजे मंत्रिमंडल का विस्तार , इन्हें आया फोन
भोपाल. मध्यप्रदेश में डॉ. मोहन यादव सरकार का पहला मंत्रिमण्डल विस्तार आज होने जा रहा है। ऐसी संभावना है कि मंत्रिमण्डल के पहले विस्तार में 28 मंत्री शपथ ले सकते हैं। शपथग्रहण समारोह दोपहर 3.30 बजे राजभवन में होगा। सीएम डॉ. मोहन यादवने सुबह लगभग 9.15 बजे राजभवन पहुंचकर राज्यपाल मंगुभाई पटेल को उन विधायकों के नाम सौंपे हैं। जो मंत्री के रूप में शपथ लेंगे। जिन विधायक को मंत्री बनाया जा रहा है। उन्हें फोन पर सूचना देकर राजभवन में मौजूद रहने को कहा गया है। हालांकि मंत्रीमण्डल में कितने और कौन विधायक शामिल होंगे। इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। आपको बता दें कि विधानसभा चुनाव का रिजल्ट 3 दिसम्बर को आया था इसके ठीक 10 दिन बाद 13 दिसम्बर को सीएम डॉ. मोहन यादव ने सीएम पद की शपथ और उनके साथ जगदीश देवडा और राजेन्द्र शुक्ल ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी। इसके साथ 12 दिन के बाद आज मंत्रिमडल विस्तार होने जा रहा है।
राजभवन के बाहर निकलते हुए सीएम डॉ. यादव ने पत्रकारों से कहा कि आज दोपहर 3.30 बजे राज्यपाल नये मंत्रियों को शपथ दिलायेंगे। पीएम नरेन्द्र मोदी व केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व और सीनियर नेताओं के मार्गदर्शन में नया मंत्रिमण्डल प्रदेश की बेहतरी के लिये काम करेगा।
मंत्रिमंडल से जुड़े अपडेट्स…इन्हें शपथ के लिये आये फोन
पूर्व सांसद और जबलपुर पश्चिम विधानसभा सीट से विधायक राकेश सिंह को भोपाल से आज सुबह फोन आया। इसके कुछ देर बाद ही वे भोपाल के लिए रवाना हो गए। इंदौर-1 से विधायक कैलाश विजयवर्गीय को भी फोन पर सूचना दी गई है।
भोपाल की गोविंदपुरा विधानसभा सीट से विधायक कृष्णा गौर, नरेला विधायक विश्वास सारंग और सांवेर विधायक तुलसी सिलावट को फोन पर मंत्रिमंडल में शामिल होने की सूचना मिल गई है।
कैलाश विजयवर्गीय और तुलसी सिलावट मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ ही इंदौर से भोपाल रवाना होंगे। सीएम इंदौर के कनकेश्वरी धाम परिसर में हुकुमचंद मिल के मजदूरों के बकाया भुगतान कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़ेंगे। वे श्रमिकों को संबोधित भी करेंगे। कार्यक्रम के बाद सीएम भोपाल पहुंचेंगे।
सिंगरौली जिले की चितरंगी विधायक राधा सिंह और उदयपुरा विधायक नरेंद्र शिवाजी पटेल को भी राजभवन पहुंचने के लिए फोन आया है।
नरसिंहपुर विधायक प्रहलाद पटेल जबलपुर से भोपाल के लिए रवाना हो चुके हैं। पत्नी भी साथ हैं।
राजभवन में नए मंत्रियों के लिए 28 कुर्सियों की व्यवस्था की गई है।
शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शामिल होंगे। वे दोपहर करीब 2 बजे भोपाल पहुंचेंगे।
