ग्वालियर में तानसेन संगीत समारोह शुरू, तबला वादन का बनेगा वर्ल्ड रिकार्ड

ग्वालियर. विश्व संगीत समागम 99वें तानसेन समारोह का शुभारंभ रविवार की सुबह तानसेन समाधि स्थल पर शहनाई वादन, हरिकथा, मिलाद, चादरपोशी के साथ हुआ। संगीत सम्राट तानसेन की स्मृति में आयोजित समारोह का औपचारिक शुभारंभ शाम को मानसिंह महल की थीम पर बने आकर्षक मंच पर हुआ।
तबला वादन का वर्ल्ड रिकार्ड
पहली संगीत सभा में इस साल तानसेन अलंकरण से विभूषित होने जा रहे पं. गणपति भट्ट हासणगि धारवाड़ का गायन हुआ। यूनेस्को द्वारा घोषित संगीत नगरी ग्वालियर में सोमवार को तानसेन समारोह के दौरान ताल दरबार कार्यक्रम में तबला वादन का गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड बनाया जाएगा। तानसेन को स्वरांजलि देने ग्वालियर दुर्ग पर 1500 तबला वादक सुर, लय और ताल का अद्भुत संयोजन प्रस्तुत करेंगे। ‘ताल दरबार’ में कोलकाता, मुंबई, बंगाल, दिल्ली, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के तबला वादक सामूहिक प्रस्तुति देंगे। समारोह के मुख्य आयोजन स्थल पर पंडित गणपति भट्ट हासणगि को गायन में उल्लेखनीय योगदान के लिए तानसेन सम्मान वर्ष 2022 और मालव लोक कला केंद्र, उज्जैन को राजा मानसिंह तोमर सम्मान वर्ष 2022 भी प्रदान किया जाएगा।
सुमित आनंद का ध्रुपद गायन
इसी प्रकार शाम को सभा का आरंभ तानसेन संगीत महाविद्यालय ग्वालियर के ध्रुपद गायन से होगा। इस सभा में विनय रामदासन पुणे का गायन, सुविख्यात शास्त्रीय गायक आनंद कुमार मलिक दिल्ली का गायन, अखिलेश गुंदेचा एवं साथियों द्वारा पखावज वृंद वादन, भाग्येश मराठे पुणे का गायन और मूर्धन्य गायक पद्मश्री पं. उल्हास कसालकर पुणे का गायन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *