मुरैना में एटीएम काटने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

मुरैना. सबलगढ़ कस्बे में 12-13 दिसंबर की दरम्यानी रात को कटर मशीन से एटीएम काटकर 21.46 लाख चुराने वाले गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15 लाख रुपए व दो मोबाइल जब्त किए हैं। इस चोरी की वारदात को अंतर्राज्यीय गैंग ने अंजाम दिया था। बदमाश कोटा से कार चुराकर लाए थे, उसी कार से सबलगढ़ आए और एटीएम से चोरी की और फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि सबलगढ़ में एटीएम काटकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश की तो बदमाशों की तलाश में बनाई गई पुलिस पार्टियों ने 800 किमी तक टोल नाके और सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिनसे बदमाशों तक पहुंचने के लिए काफी इनपुट मिले। इसके उपरांत राजस्थान- हरियाणा (मेवात) गैंग के सदस्यों द्वारा उक्त घटना को अंजाम दिए जाने संबंधी तथ्य प्राप्त हुए।
वहीं से सूचना मिली कि जिस कार से बदमाशों सबलगढ़ में चोरी की वारदात को अंजाम देकर गए हैं, वह श्योपुर में देखी गई है और बदमाश उसी कार से नहर के रास्ते दिल्ली की तरफ जाने वाले हैं। पुलिस ने पिपरघान रोड पर नहर की पुलिया पर चेकिंग पॉइंट लगाया। तभी वह सफेद रंग की कार आती दिखाई दी। उसको रोककर चेक किया तो उसमें एटीएम का वह हिस्सा क्षतिग्रस्त स्थिति में मिला, जिसमें नोट भरे रहते हैं, वह जब्त किया। आरोपियों के कब्जे से स्प्रे, गैस सिलेंडर, कटिंग मशीन, 15 लाख रुपए, करीब डेढ़ लाख के मोबाइल खरीदे थे, वह भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार बदमाशों ने बताया कि तीन लाख रुपए गैस कटिंग से एटीएम काटते समय जलकर नष्ट हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *