ABVP के छात्र नेताओं को मिली जमानत, जज के ड्राइवर से छीनकर कार से VC को ले गये अस्पताल
ग्वालियर. हाईकोर्ट जज के ड्रायवर से कार छीनकर वाइस चांसलर को अस्पताल ले जाने वाले ABVP के दोनों छात्र नेताओं को जमानत मिल गयी है। हाईकोर्ट ने हिमांशु श्रोत्री 22, और सुक्रत शर्मा 24 को सोमवार का जमानत दे दी है। दोनों को 12 सितम्बर को जेल भेजा गया था।
पहले ग्वालियर के जिला एवं सत्र न्यायालय में जमानत याचिका लगाई गयी थी यहां खारिज होने पर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गयी। हाईकोर्ट जज सुनीता यादव की कोर्ट ने सुनवाई करते हुए छात्रों की जमानत मंजूर की और पुलिस और किसी भी पक्ष की ओर से छात्रों की जमानत का विरोध नहीं किया। आज रात तक कोर्ट के आदेश जेल पहुंचने के बाद छात्रों को जेल से रिहा कर दिया जायेगा।

क्या है पूरा मामला
उत्तर प्रदेश के पीके विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर रणजीत सिंह (59) रविवार (10 दिसंबर) रात को दिल्ली से दक्षिण एक्सप्रेस से ग्वालियर होते हुए झांसी के लिए जा रहे थे। इसी ट्रेन में दिल्ली से राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP)के जिला महामंत्री व प्रांतीय सहमंत्री हिमांशु शर्मा (श्रोत्री) और शिवपुरी के सुकृत कुमार भी लौट रहे थे। आगरा निकलते ही वाइस चांसलर की तबीयत अचानक खराब हो गई। उनके साथ चल रहे छात्रों ने मुरैना में रेलवे से तत्काल चिकित्सा सुविधा मांगी, लेकिन कहा गया कि ग्वालियर स्टेशन के बाहर एंबुलेंस मिल जाएगी। वहां से उन्हें सीधे अस्पताल ले जाया जा सकता है।
रविवार-सोमवार की दरमियानी रात 3.45 बजे ट्रेन ग्वालियर पहुंची तो यहां छात्र VC को लेकर बाहर आए। बाहर कोई एंबुलेंस नहीं मिली, जबकि वाइस चांसलर की हालत बेहद नाजुक थी। छात्रों ने ग्वालियर स्टेशन के पोर्च में खड़ी हाईकोर्ट जज की कार में VC को लिटा दिया। जज का गनर अंदर गया था। गाड़ी में ड्राइवर ही बैठा था। उसने रोकने का प्रयास किया, लेकिन छात्र गाड़ी छीनकर ले गए।
मुख्यमंत्री से लेकर पूर्व सीएम भी हुए थे सक्रिय
छोनों छात्रों के लिये सीएम मोहन यादव से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान तक सक्रिय हो गये थे। सीएम ने कहा था कि हम छात्रों की पूरी मदद करेंगे। पुलिस गंभीर धारायें लगाने में जल्दबाजी न करें। शिवराज सिंह ने जबलपुर हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर कहा था कि यह अलग तरह का प्रकरण है। छात्रों का भाव अपराध करने का नहीं था। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा था कि छात्रों की मंशा मानवतावादी थी। कुलपति की जान बचाने के प्रयास में अज्ञानतावश अपराध हुआ है।
कोर्ट को समझाने में सफल रहें-एडवोकेट
एडवोकेट भानुप्रताप सिंह चौहान ने कहा था कि हम हाईकोर्ट ने मानवीय संवेदनाओं के आधार पर जमानत स्वीकार की है। मामला क्रिमिनल इंटेंशन का नहीं, जीवन बचाने का है। हम यह बात कोर्ट को समझाने में सफल रहें। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने वीसी को मृत घोषित कर दिया था।
