राजस्थान बंद -करणी सेना के अध्यक्ष की हत्या के विरोध में भीलवाडा में रोकी ट्रेन, जयपुर, अजमेर-दिल्ली हाइवे जाम, कलेक्ट्रेट पर पथराव

जयपुर. राजस्थान में श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेडी की हत्या के विरोध में बंुधवार को राजस्थान बंद बुलाया गया है। इसी के चलते आज सुबह से ही जयपुर, कोटा, जोधपुर, चुरू, बीकानेर और उदयपुर सहित अन्य शहरों में बाजार बंद रहे। कई शहरों की स्कूलों में भी छुट्टी घोषित कर दी गयी है।

दरअसल, मंगलवार को जयपुर के श्यामनगर में 2 बदमाशों ने सुखदेव सिंह की घर में घुसकर गोली मार कर हत्या कर दी थी और इसके बाद इन्हे मानसरोवर स्थित मेट्रो मास हॉस्पिटल लाया गया, जहां मंगलवार से उनके समर्थक धरने पर बैठे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
इस विरोध प्रदर्शन के चलते जयपुर के अजमेर-हाइवे को जाम किया गया। यहां पिछले 2 घंटे से जाम लगा हुआ है। इधर, जोधपुर में भीड अनियंत्रित होकर रेलवे स्टेशन में जा पहुंची और यहां ट्रैक पर पहुंच कर नारेबाजी की। प्रदेश के हालातों को देखकर राज्यपाल कलराज मिश्रा ने मुख्य सचिव, गृह सचिव, डीजीपी और जयपुर पुलिस कमिश्नर को राजभवन बुलाकर प्रदेश की कानून एवं शांति व्यवस्था की विशेष समीक्षा की।

