ग्वालियर में 25 से शुरू होना है मेला, दुकानदारों ने अपने स्तर पर शुरू कर दीं तैयारियां
ग्वालियर. मेला प्राधिकरण ने अगस्त माह में ही ठीक समय पर अपने 22 टेंडर जारी कर दिए थे लेकिन उसमें से अभी भी 11 टेंडर खुलना बाकी रह गए है जो 5 दिसंबर मंगलवार को खोले जाएंगे जिसके बाद ही मेला की तैयारियां गति पकड सकेंगी। चुनाव आचार संहिता की वजह से मेला आयोजन की तैयारियां ठप पड गई थी लेकिन अब आचार संहिता समाप्त होते ही मेले में तैयारियों की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। जिसके चलते 5 दिसंबर को मेला की तैयारियों से संबधित 11 अहम टेंडर खुलेंगे जिसके बाद मेला की तैयारियां जोर पकडेंगी। 6 दिसंबर को मेला प्राधिकरण की मीटिंग भी प्रस्तावित है जिसमें अनेक नीतिगत निर्णय लिए जाएंगे जिसके बाद इस बार के मेले की तस्वीर साफ हो जाएगी। उधर दूसरी ओर मेला दुकानदारों ने अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी है। झूलां सेक्टरों में झूलो का सामान आ चुका है।
डेकोरेटरों ने बडे शोरूम बनाने का काम शुरू कर दिया है। लेकिन मेला सेक्टरों में भी बडी-बडी झाडियां और गंदगी पडी होने की वजह से काम प्रभावित हो रहा है। गौरतलब है कि 25 दिसंबर से मेला आयोजित होना है ऐसे में तैयारियों के लिए सिर्फ 20 दिन है जिसमें मेला को शुरू कराना मेला प्राधिकरण के लिए बडी चुनौती होगा।
