ग्वालियर में बिजली कंपनी ने एसटीपी का कनेक्शन काटा, तो जीएम का घर तोड़ने जेसीबी लेकर पहुंचा निगम अमला

ग्वालियर. नगर निगम और बिजली कंपनी के अधिकारियों के बीच पावर की लडाई शुरू हो गई है। गत शनिवार को नगर निगम ने मोतीमहल में बिना अनुमति बन रहे बिजली कंपनी के 132 केवी उपकेंद्र का काम रोकने के लिए नोटिस जारी किया तो मंगलवार की दोपहर बिजली कंपनी ने निगम पर 12.50 करोड रुपये का बकाया बताकर जलालपुर स्थित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का कनेक्शन काट दिया। शाम 6.30 बजे नगर निगम का मदाखलत अमला जेसीबी के साथ बिजली कंपनी के महाप्रबंधक नितिन मांगलिक का निजी मकान तोडने के लिए पहुंच गया। रात 8 बजे के आसपास प्लांट का कनेक्शन जुडवा दिया गया।
विभागों के बीच लडाई
मोतीमहल में विक्टोरिया मार्केट के ठीक पास 132 केवी जीआइएस उपकेंद्र का निर्माण किया जा रहा है। शनिवार को निगमायुक्त हर्ष सिंह ने मोतीमहल का निरीक्षण किया तो इस इमारत को देखकर जानकारी ली। इसमें सामने आया कि इमारत को बनाने के लिए अनुमति नहीं ली गई। इसके चलते नगर निगम ने बिजली कंपनी को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने के लिए कहा था।
पहले काटा कनेक्शन फिर जोड़ा
मंगलवार दोपहर लगभग तीन बजे बिजली कंपनी के अमले ने जलालपुर स्थित नगर निगम के सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के दो कनेक्शनों पर 65 लाख और 33 लाख रुपये का बकाया बताकर कनेक्शन काट दिया। इससे जलालपुर में सीवर ट्रीटमेंट का काम बंद हो गया, जिसके चलते उपनगर ग्वालियर क्षेत्र में लाइनें जाम हो गईं और सीवर उफनने लगे। शाम के समय निगम का मदाखलत अमला दो जेसीबी मशीनें लेकर बिजली कंपनी के महाप्रबंधक शहर वृत्त नितिन मांगलिक के रवि नगर स्थित निज निवास पर पहुंच गया और मकान को अवैध बताया। ऐसे में घबराकर बिजली कंपनी ने रात लगभग आठ बजे प्लांट का कनेक्शन जुड़वा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *