MP में 8 अधिकारी बनाए जाएंगे विशेष महानिदेशक, 2 दो अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक बनेंगे

भोपाल. वर्ष 2024 में विशेष महानिदेशक, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक और उप पुलिस महानिरीक्षक पद पर पदोन्नति के लिए मंगलवार को मंत्रालय में विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक हुई। पद की उपलब्धता के आधार पर पदोन्नति होगी। आठ अधिकारियों को विशेष महानिदेशक और दो अधिकारियों को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पद पर पदोन्नत करने के लिए पात्र पाया गया है। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस की अध्यक्षता में हुई विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक में 1990 और 1991 बैच के अधिकारियों को विशेष पुलिस महानिदेशक पद पर पदोन्नत करने के लिए पात्र पाया गया। इसमें विजय कटारिया, अनुराधा शंकर, बीबी शर्मा, वरुण कपूर, उपेंद्र कुमार जैन, आलोक रंजन, प्रज्ञा रिचा श्रीवास्तव और योगेश मुदगल शामिल हैं। वहीं, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पद के लिए 1999 बैच के अधिकारी राकेश गुप्ता और दीपिका सूरी पात्र पाए गए हैं।
पुलिस महानिरीक्षक पद के लिए 2006 बैच के अरविंद कुमार सक्सेना, मिथलेश शुक्ला, अनुराग शर्मा, आरआरएस परिहार, अनिल सिंह कुशवाह, रुचिवर्धन मिश्रा, चंद्रशेखर सोलंकी, टी अमोंग्ला अय्यर, चैत्रा एन, राजेश हिंगणकर, अशुमान सिंह, मिथिलेश शुक्ला और मनीष कपूरिया को पात्र पाया गया। इसी तरह उप पुलिस महानिरीक्षक पद के लिए 2009 और 2010 बैच के 26 अधिकारियों को पात्र पाया गया है। गृह विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जैसे-जैसे पद उपलब्ध होंगे, अधिकारियों को पदोन्नत किया जाएगा। बैठक में पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना, अपर मुख्य सचिव गृह डा.राजेश राजौरा और अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान उपस्थित थे।
अशोक अवस्थी बनेंगे विशेष महानिदेशक
विपिन कुमार माहेश्वरी के 30 नवंबर को सेवानिवृत्त होने पर 1990 बैच के अधिकारी अशोक अवस्थी विशेष महानिदेशक पद पर पदोन्नत होंगे। अभी अवस्थी अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक शिकायत के पद पर तैनात हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *