ठेका कंपनी मैं.क्रिस्टल इंट्रीगेटेड नही कर रही आउटसोर्स कर्मचारियों को बकाया वेतन का भुगतान

ग्वालियर मध्यप्रदेश संविदा एवं ठेका श्रमिक कर्मचारी संघ इंटक के प्रदेश अध्यक्ष एलके दुबे ने प्रबंध संचालक, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लि. भोपाल को पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी अंतर्गत शहर वृत्त से अनुबंधित ठेका कंपनी मैं. क्रिस्टल इंट्रीगेटेड द्वारा शहर वृत्त में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों का माह अप्रैल, मई 2023 एवं अन्य किसी कारणों से लंबित वेतन का भुगतान आज दिनांक तक नही किया गया है । वेतन न मिलने के कारण शहर वृत्त के लगभग 100 आउटसोर्स कर्मचारी संगठन/महाप्रबंधक शहर वृत्त ग्वालियर/मैं. क्रिस्टल इंट्रीगेटेड कंपनी से वेतन को लेकर गुहार लगा रहे है ।
श्रमिको की उक्त समस्या के निराकरण हेतु संगठन, महाप्रबंधक शहर वृत्त ग्वालियर से लिखित एवं मौखिक अनुरोध किया गया किंतु ठेका कंपनी क्रिस्टल की हठधर्मिता के कारण आउटसोर्स कर्मचारियों का लंबित वेतन नहीं मिल पा रहा है। इसके पूर्व भी क्रिस्टल कंपनी द्वारा अल्प वेतन भोगी आउटसोर्स कर्मचारियों को समय से वेतन न देने की शिकायत मिली थी । उक्त ठेका कंपनी आदतन श्रमिक विरोधी कार्य कर रही है जिससे श्रमिकों में आक्रोश एवं हताशा उत्पन्न हो रही है।
संगठन, प्रबंध संचालक मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी से मांग करता है कि उक्त ठेका कंपनी मैं. क्रिस्टल इंट्रीगेटेड के श्रमिक विरोधी कार्य कलाप को देखते हुए शीघ्र शहर वृत्त ग्वालियर से अनुबंध निरस्त करने हेतु सक्षम अधिकारियों को निर्देशित करने का कष्ट करें अन्यथा संगठन कड़े कदम उठाने हेतु बाध्य होगा जिसकी सम्पूर्ण जवाबदेही कंपनी प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *