दतिया में प्रियंका गांधी बोली, सिंधिया का कद छोटा, अहंकार बड़ा

दतिया. दतिया में बुधवार को चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि सिंधिया का कद छोटा है, लेकिन उनका अहंकार बड़ा है। उन्होंने अपने परिवार की परंपरा को ही निभाया है। उन्होंने कांग्रेस के साथ साथ ग्वालियर चंबल की जनता के साथ विश्वासघात किया है। सिंधिया ने कांग्रेस की बनी बनाई सरकार को गिरा दिया। इसके अलावा प्रियंका गांधी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को लेकर कहा कि वे विश्व के महान एक्टर हैं। एक्टिंग में तो वे अमिताभ बच्चन के कान काट लेते हैं। साथ ही पीएम मोदी को लेकर कहा कि वे हमेशा अपनी पीड़ा से ही पीडित रहते हैं और रोते रहते हैं कि मुझे गालियां दी। प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रदेश के गृहमंत्री को कानून का पालन कराना है। लेकिन वे पिक्चर देखते रहते हैं और लोगों के कपड़े देखते रहते हैं।
सिंधिया को बताया विचित्र नेता
प्रियंका गांधी ने कहा सिंधिया जी नेता विचित्र नेता है। मैं ने व सिंधिया जी ने यूपी में काम किया है। वे कद में थोड़े छोटे पड़ गए, लेकिन अहंकार में बड़े हैं। वे बिना महाराज कहे काम नहीं करते। उन्होंने अपने परिवार की परंपरा अच्छे से निभाई है। प्रियंका ने कहा कि भाजपा वालों ने 22 हजार घोषणाएं की हैं। वो कुछ अलग तरह की खोखली घोषणाएं हैं। लाडली बहना योजना की घोषणा 18 सालों में क्यों नहीं लागू की। जनता को वेबकूफ बनाते हैं। लोगों को रोजगार नहीं मिला। साढ़े तीन सालों में 21 रोजगार दिए है। सात हजार से अधिक स्कूल मध्यप्रदेश में बंद कर दिए हैं। अस्पतालों में उपचार नहीं मिलता। हर स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं में पद खाली हैं। तमाम बच्चे पढ़े लिखे हैं। भर्ती परीक्षाओं में घोटाला होता है।
भाजपा व आरएसएस के कार्यकर्ताओं पर आता है तरस
प्रियंका गांधी ने कहा कि उन्हें भाजपा व आरएसएस के कार्यकर्ताओं पर तरस आता है। क्योंकि मोदीजी ने सभी पार्टी व दलों के गद्दारों को पार्टी में ले लिया है। ऐसा लगता है कि आगामी दिनों में भाजपा व आरएसएस के कार्यकर्ता नहीं, ये गद्दार ही पार्टी को चलाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *