चुनाव आयोग ने 2 टीआई प्रशांत यादव, रामनारायण भदोरिया को तत्काल प्रभाव से हटाया

ग्वालियर. चुनाव आयोग ने चम्बल संभाग के भिण्ड जिले में तैनात 2 टीआई (TI) को वहां से हटा दिया है। इसको लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अपर सचिव होम को जारी निर्दे/ा में यहां नये टीआई की पदस्थापना करने के लिये कहा है। एक-दो दिन में यहां नये टीआई पदस्थ किये जायेंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौर को लिखे गये पत्र में कहा है कि प्रशासनिक आधार पर भिंड जिले के फूप थाने में पदस्थ टीआई रामनारायण भदौरिया और अटैर थाने के टीआई प्रशांत यादव को हटाया जाकर नये टीआई की पदस्थापना करें और आयोग को इससे अवगत कराये।
ऐसा बताया जाता है कि इन दोनों टीआई की पदस्थापना के लिये मंत्री और अटेर से भाजपा प्रत्याशी अरबिंद भदौरिया ने नोटशीट लिखी थी। जिसके बाद इन टीआई की पदस्थापना यहां पर की गयी थी।
कांग्रेस प्रत्याशी कटारे ने की थी शिकायत
अटेर से कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत सत्यदेव कटारे ने चुनाव आयोग से इस मामले में शिकायत की थी कि इन निरीक्षकों की पद स्थापना के चलते चुनाव प्रभावित हो सकता है। इसके लिए उनके द्वारा मंत्री की ओर से की गई सिफारिश की जानकारी भी लिखित तौर पर आयोग को दी गई थी। हालांकि अभी तक किसी तरह की शिकायत सामने नहीं आई थी लेकिन चुनाव आयोग ने निष्पक्ष चुनाव के लिए दोनों ही निरीक्षकों को हटाने का फैसला किया और शासन को इसके लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
पहले भी हो चुकी है चुनाव आयोग में भिंड की कम्प्लेन
भिंड जिले में टीआई की पोस्टिंग को लेकर पहले भी शिकायत हो चुकी है और इसी के चलते आयोग ने भिंड एसपी रहे मनीष खत्री को हटा भी चुका है। खत्री के विरुद्ध नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के लहार से प्रत्याशी गोविंद सिंह ने जातीय आधार पर टीआई की पोस्टिंग करने के आरोप लगाए थे। इसके लिए उनके द्वारा आयोग को पत्र लिखकर टीआई और एसपी को हटाने की मांग की गई थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *