कलेक्टर ने लिया ईवीएम कमीशनिंग व मॉकपोल का जायजा
ग्वालियर-सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के लिये उपयोग में लाई जाने वाली इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) व वीवीपैट तैयार करने (कमीशनिंग) का काम जारी है। विधानसभा क्षेत्रवार ईवीएम की तैयारी एमएलबी कॉलेज में की जा रही है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय सिंह ने बुधवार को एमएलबी कॉलेज पहुँचकर ईवीएम कमीशनिंग (तैयारी) का जायजा लिया।
ईवीएम की तैयारी के तहत मतदान में उपयोग में लाई जाने वाली हर मशीन पर विधानसभा क्षेत्रवार प्रत्याशियों के हिसाब से मत पत्र लगाए जा रहे हैं। साथ ही बैटरी लगाकर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं प्रत्याशियों की मौजूदगी में मॉकपोल (दिखावटी मतदान) भी कराया जा रहा है।
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र ग्वालियर ग्रामीण की ईवीएम की कमीशनिंग व मॉकपोल का कार्य वहाँ के रिटर्निंग अधिकारी बृजबिहारीलाल श्रीवास्तव की देखरेख में किया जा रहा है। इसी तरह विधानसभा क्षेत्र ग्वालियर में रिटर्निंग अधिकारी अतुल सिंह, ग्वालियर पूर्व में रिटर्निंग अधिकारी विनोद सिंह, विधानसभा क्षेत्र ग्वालियर दक्षिण में रिटर्निंग अधिकारी नरेश गुप्ता, विधानसभा क्षेत्र भितरवार में रिटर्निंग अधिकारी डीएन सिंह और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र डबरा (अजा) में वहां के रिटर्निंग अधिकारी मुनीष सिकरवार की निगरानी में ईवीएम की कमीशनिंग व मॉकपोल हो रहा है।
