BJP ने एक और सूची जारी कर दी

जयपुर. राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने एक और सूची जारी कर दी है। तीसरी सूची में बीजेपी ने 58 उम्मीदवारों को टिकट दिया है। इसमें कई हाई-प्रोफाइल सीटों के लिए उम्मीदवारों को उतारा गया है। सरदारपुरा सीट से महेंद्र सिंह राठौड़ को गहलोत के सामने उतारा गया। टोंक सीट पर अजीत सिंह मेहता को सचिन पायलट के सामने उतारा गया। इससे पहले बीजेपी ने पहली दो सूचियों में 83 और 41 उम्मीदवार घोषित किए थे। तीन सूचियों में वह अब कुल 182 प्रत्याशी घोषित कर चुकी है।
असल में बीजेपी की तीसरी सूची के अन्य उम्मीदवारों की बात करें तो लिस्ट में कई विधायकों को फिर मौका दिया गया है। जयपुर के हवामहल से बाल मुकुंद आचार्य, अलवर के रामगढ़ से जय आहूजा, भरतपुर के नदबई से जगत सिंह (नटवर सिंह के बेटे), अलवर के बहरोड़ से पूर्व मंत्री जसवंत सिंह यादव, जयपुर के विराटनगर विधानसभा सीट से कुलदीप धनखड़ को टिकट दिया गया है। जय आहूजा ज्ञानदेव आहूजा के भतीजे हैं। लंबे समय से पाकिस्तानी विस्थापित हिंदू परिवारों के लिया काम कर रहे हैं।
वहीं अलवर के बहरोड़ से पूर्व मंत्री जसवंत सिंह यादव को टिकट दिया गया है। इनके बेटे मोहित यादव भी इस सीट से दावेदारी कर रहे थे। भरतपुर के नदबई से जगत सिंह को टिकट दिया गया है। ये नटवर सिंह के बेटे हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सामने सरदारपुरा से महेंद्र सिंह राठौर को टिकट दिया गया है। टोंक सीट पर सचिन पायलट से अजित सिंह मेहता करेंगे मुकाबला। एक दिन पहले भाजपा में शामिल हुए सुभाष मील को खंडेला से टिकट। इन्हें सचिन पायलट का समर्थक माना जाता है।
वहीं केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल पर गंभीर आरोप लगाने वाले कैलाश मेघवाल का टिकट कटा, उनकी जगह शाहपुरा से लाला राम बैरवा को प्रत्याशी बनाया गया है। जालोर जिले की भीनमाल सीट से पूराराम और रानीवाड़ा से नारायण सिंह देवल को प्रत्याशी बनाया गया है। राज्य की सभी 200 सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा जबकि मतगणना तीन दिसंबर को होनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *