101 रुपये बढ़ गए गैस सिलेंडर के दाम
नई दिल्ली. नवंबर के पहले महंगाई का तगड़ा झटका लगा है और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 101.50 रुपये तक बढ़ गए हैं। नई दरें बुधवार यानी 1 नवंबर, 2023 से लागू हो चुकी हैं। इस बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम का एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1833 रुपये हो गए हैं। इससे पहले 1 अक्टूबर को भी कमर्शियल गैस सिलेंडर के रेट में 209 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी।
घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी की है, लेकिन घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 903 रुपये है, जबकि कोलकाता में 14 किलो वाला सिलेंडर 929 रुपये में बिक रहा है। मुंबई में एलपीजी की कीमत 902.5 रुपये है, जबकि चेन्नई में घरेलू गैस सिलेंडर 918.5 रुपये में बिक रहा है।
