ग्वालियर में चुनाव से पहले कांग्रेस में बड़ी फूट, 300 कांग्रेसी हुए भाजपा में शामिल

ग्वालियर. केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, दिग्विजय सिंह से नाराज 300 कांग्रेसी मंगलवार को दशहरा के मौके पर भाजपा में शामिल हुए हैं। इन्होंने भाजपा की सदस्यता ली है। इसमें अशोक नगर-शिवपुरी के नेता हैं। जिनमें चार बार की पार्षद अनीता जैन, अशोक नगर से टिकट की दावेदार आशा दौहरे, शिवपुरी के पूर्व शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन प्रमुख हैं। अपने पुराने कार्यकर्ताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाते समय केन्द्रीय मंत्री सिंधिया भावुक नजर आए। उन्होंने पार्षद अनीता जैन को सीने से लगा लिया। अनीता की भी आंखें भीग गईं। अनीता का कहना है कि मार्च 2020 में महाराज के साथ न आकर भूल हुई थी उसे सुधार लिया है। अब भाजपा के लिए दिल जान से मेहनत करेंगे।

मध्य प्रदेश में विधानसभा के लिए अभी नामांकन प्रक्रिया पूरी भी नहीं हुई है, लेकिन कांग्रेस-भाजपा में शह और मात की लड़ाई शुरू हो गई है। टिकट वितरण से नाराज नेता पार्टियां बदल रहे हैं। मंगलवार को दशहरा के शुभ मौके पर ग्वालियर अंचल में भाजपा ने कांग्रेस को करारा झटका दिया है। केंद्रीय मंत्री सिंधिया के महल जय विलास पैलेस में 300 से ज्यादा कांग्रेस नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली है। इन सभी को केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने हाथ से भाजपा का गमछा पहनाकर उनका स्वागत किया है। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आज शामिल होने वालों में अशोकनगर विधानसभा से साल 2020 के उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार रहीं आशा दोहरे, नगर पालिका में पूर्व नेता प्रतिपक्ष व चार बार की पार्षद अनीता जैन, प्रदेश कांग्रेस सचिव व पूर्व जिलाध्यक्ष शहर कांग्रेस राकेश जैन प्रमुख हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *