MP कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची नवरात्रि के पहले दिन जारी होगी- रणदीप सुरजेवाला
भोपाल. मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची नवरात्र के पहले दिन जारी होगी। यह जानकारी कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने दी। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव पर केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आज दिल्ली में हुई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और अन्य पार्टी नेता शामिल हुए। सुरजेवाला ने कहा कि बैठक में काफी सीटों पर चर्चा हुई और बहुत सकारात्मक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष समन्वय बना रहे है यह दर्शाता है कि कांग्रेस मध्य प्रदेश में एक अप्रत्याशित जीत की ओर कदम बढा रही है।
वहीं मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची की घोषणा पर मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि अभी हमने लगभग 60 सीटों पर चर्चा की है फिर से हमारी बैठक होगी तभी लिस्ट फाइनल करेंगे। हम श्राद्ध के बाद अपनी सूची की घोषणा करेंगे। हम उस रफ्तार से चल रहे है कि 15 अक्टूबर को हम अपनी सूची की घोषणा कर सकें।

