MP के फिल्म वितरक आयकर के निशाने पर, 3 ठिकानों पर जांच

इंदौर. बुरहानपुर में कोचिंग-स्कूल और अस्पताल संचालकों पर आयकर कार्रवाई के तार अब फिल्म जगत से भी जुड़ गए हैं। इंदौर के फिल्म वितरक और बालीवुड में दखल रखने वाले आदित्य चौकसे के ठिकानों पर भी आयकर के छापे शुरू हो गए हैं। आयकर विभाग की टीमें चौकसे के धेनु मार्केट स्थित प्राची फिल्म के साथ पलासिया स्थित दफ्तर पर भी शनिवार रात तक जांच में जुटी थी। आयकर कार्रवाई के निशाने पर आए बुरहानपुर के स्कूल और अस्पताल संचालक आनंद प्रकाश चौकसे से रिश्तेदारी और कारोबारी संबंधों के आधार पर आयकर विभाग ने इंदौर के फिल्म वितरक को जांच के दायरे में लिया है। आदित्य चौकसे के दो ठिकानों सहित कुल तीन जगह छापेमार कार्रवाई की। साथ ही कुछ अन्य वितरकों को भी बुलवाकर उनसे पूछताछ की गई।
दस्तावेज और रिकार्ड जब्त
चौकसे सेंट्रल सर्किट सिने एसोसिएशन की कमेटी का हाल ही में चुनाव जीते हैं और सिनेमा क्लब आफ इंदौर के अध्यक्ष भी हैं। कार्रवाई के दौरान आयकर विभाग ने बड़ी मात्रा में दस्तावेज और रिकार्ड जब्त किए हैं। इनकम टैक्स ने शुक्रवार को बुरहानपुर में अपनी पत्नी की मोहब्बत में ताजमहल जैसी कोठी बनवाने वाले आनंद प्रकाश चौकसे के करीब डेढ़ दर्जन ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई शुरू की थी।
सुराग के आधार पर इंदौर में छापेमारी
वहां से मिले सुराग के आधार पर डिपार्टमेंट के तीन दस्तों ने फिल्म वितरक आदित्य चौकसे के इंदौर के पलासिया स्थित ऑफिस (नफीस बेकरी के पास) और धेनु मार्केट स्थित प्राची फिल्म पर दबिश दी। बताया जा रहा है कि कार्रवाई शुक्रवार रात ही शुरू हो गई थी। इसमें शनिवार को एक स्थान और बढ़ गया। चौकसे बीते समय से सलमान खान प्रोडक्शन की सभी फिल्मों का वितरण करते रहे हैं। बीते दिनों उन्होंने दृश्यम-2, किसी का भाई किसी की जान और ओएमजी-2 जैसी फिल्में भी वितरित की हैं।
बाहेती के ठिकानों पर तीसरे दिन भी जांच
इस बीच गुरुवार से शुरू हुई तेल कारोबारी रवि बाहेती और रजत बाहेती के ठिकानों पर आयकर की जांच तीसरे दिन शनिवार को भी जारी रही। पलासिया स्थित बाहेती के घर के साथ ही रेसकोर्स रोड के मौर्या सेंटर स्थित उनकी फर्म बाहेती एग्री लिंक पर भी आयकर की टीमें पुलिस सुरक्षा के बीच शनिवार रात तक जांच में जुटी थी। कानपुर के मयूर ग्रुप पर पड़े छापों के साथ ही इंदौर में भी यह जांच हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *