MP विधानसभा चुनाव को लेकर आई अपडेट खबर, दिवाली बाद की तारीख तय
भोपाल. मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कब होगा, इसका सभी को बेसब्री से इंतजार है, वहीं चुनाव की तारीख, मतदान और रिजल्ट को लेकर भी कयास लगना तेज हो गए हैं। चुनाव आयोग ने भी तैयारी कर ली है। शिवराज सरकार भी अंतिम दौर में अपने कई पैंडिंग काम निपटा रही है। इस चुनाव को लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल भी माना जा रहा है। चुनाव आयोग 9 से 14 के बीच कभी भी तारीखों का ऐलान कर सकता है। इसी दिन से मध्यप्रदेश में आचार संहिता लग जाएगी।
दिसंबर के दूसरे सप्ताह के बीच चुनाव पूरे करा लिए जाएंगे
सूत्रों के मुताबिक दिवाली के बाद यानी नवंबर अंत से लेकर दिसंबर के दूसरे सप्ताह के बीच चुनाव पूरे करा लिए जाएंगे। पांचों राज्यों के रिजल्ट हर हाल में 15 दिसंबर से पहले घोषित हो जाएंगे। चुनाव आयोग 14 अक्टूबर से पहले कभी भी तारीखों का ऐलान कर सकता है। शुक्रवार को ही चुनाव आयोग ने सभी राज्यों के पर्यवेक्षकों के साथ बैठक कर अंतिम दौर की समीक्षा पूरी कर ली है।
समीक्षा बैठक में क्या हुआ
दिल्ली में केंद्रीय चुनाव आयोग की अहम बैठक में पांच राज्यों में चुनाव तैयारी को लेकर समीक्षा हुई। इस शुक्रवार को हुई इस बैठक में चुनाव आयोग ने तय किया है धन बल एक खतरा है, जिसे किसी भी कीमत पर चुनाव में रोका जाएगा। चुनाव आयोग ने एक समाचार एजेंसी से कहा कि चुनाव आयोग के साथ एक बैठक में पुलिस, प्रशासन और पर्यवेक्षकों को यह निर्देश भी दिए कि पांच राज्यों में हिंसा और धन बल के खतरों को पूरी तरह से रोका जाए।
