सिंधिया कन्या विद्यालय में रोबोटिक कार्यशाला का समापन

ग्वालियर-  सिंधिया कन्या विद्यालय में प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई के ई-यंत्र कार्यक्रम के सहयोग से एक अभूतपूर्व पहल, संकल्पना स्टेम रोबोटिक लैब का उद्घाटन एसकेवी परिसर में किया गया था। इस कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के लिए 3 दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई थी। 3 दिवसीय कार्यशाला में सभी प्रतिभागियों को विभिन्न अनुभव प्राप्त हुए और यह प्रयोगशाला रचनात्मकता, नवाचार और वैज्ञानिक खोज का छात्राओं को अवसर प्रदान करेगी।
इस कार्यशाला ने छात्राओं को एम्बेडेड सिस्टम और रोबोटिक्स का पता लगाने की सम्पूर्ण जानकारी दी। संकल्पना स्टेम रोबोटिक लैब की स्थापना छात्राओं को रोबोटिक्स का ज्ञान प्रदान करने की दृष्टि से की गयी है। यह स्टेम शिक्षा भविष्य और वर्तमान की बढ़ती मांग के अनुरूप है। यह कार्यक्रम विद्यालय प्राचार्या श्रीमती निशि मिश्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
तृतीय दिवस की कार्यशाला में छात्राओं ने रोबोटिक्स के बारे में जाना तथा रोबोट के प्रकारों क्रमशः ऑटोमेटेड, सेमि-ऑटोमेटेड, टेली ऑपरेटेड तथा हाइब्रिड को समझा। छात्राओं को रोबोट बनाने के तत्वों और अवयवों से परिचित कराया गया। एक रोबोट बनाने के लिए कैसे हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर को कंबाइन किया जाता है, ये छात्राओं ने सीखा। इसके अतिरिक्त सेंसर्स, इंडीकेटर्स और उसके प्रकारों को भी सीखा। रोबोटिक्स में छात्राओं ने रोबोट निर्माण, उसकी डिजाइन, संचालन एवं अनुप्रयोग का अध्ययन किया। छात्राओं को यह भी सिखाया गया कि वे सिंधिया कन्या विद्यालय में बने ह्यूमनॉइड रोबोट साशा जैसे अन्य विभिन्न प्रकार के रोबोट बना सकती हैं। इस लैब और कार्यशाला के माध्यम से छात्राएँ लाभान्वित हुई तथा उन्होनें रोबोट बनाये।
इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में छात्राओं को विभिन्न डिवाइस क्रमशः इलेक्ट्रॉनिक्स सर्किट की मूलभूत अवधारणाओं से परिचित कराया गया, जो रोबोटिक्स की दुनिया में उनकी यात्रा के लिए बहुत महत्वपूर्ण कदम रहा। प्रतिभागी आर्डुइनो उनो आर-3 माइक्रोकंट्रोलर्स के साथ जुड़े, जो एक बहुमुखी मंच है जिसका उपयोग दुनिया भर में नवीन एम्बेडेड सिस्टम और रोबोटिक प्रोजेक्ट बनाने के लिए किया जाता है। इस कार्यशाला में अल्ट्रासोनिक और आईआर सेंसर सहित आवश्यक सेंसर प्रौद्योगिकियों को भी सिखाया गया। छात्राओं ने सीखा कि इन सेंसरों के माध्यम से ही रोबोट हम मानव की तरह बातचीत कर पाते हैं। छात्राओं ने रोबोटिक्स में एक प्रमुख तत्व सर्वाे मोटर्स का अनुभव प्राप्त किया, जिससे उन्होनें विभिन्न रोबोट बनाने और उसकी कार्यशैली, क्रियाकलाप तथा आवश्यक तत्वों का पता लगाया।
सिंधिया कन्या विद्यालय की इस तीन दिवसीय कार्यशाला में आईआईटी मुंबई ई-यंत्र के तीन रिसोर्स पर्सन क्रमशः सुश्री दीपा अवुदियाप्पन, अग्नेल करण तथा सुश्री ऐश्वर्या राजनबाबुन उपस्थित थे। जिसमें सुश्री दीपा अवुदियाप्पन ने टीम लीडर के रूप में कार्य किया। समस्त जानकारी मीडिया प्रभारी श्रीमती वैशाली श्रीवास्तव द्वारा दी गई। इस कार्यक्रम में विद्यालय आईटी विभागाध्यक्ष श्रीमती मेधा गुप्ता, श्रीमती गीतांजलि राजपूत और रविंद्र नेगी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *