कांग्रेस की 5 अक्टूबर के बाद प्रत्याशियों की पहली सूची घोषित की जा सकती है

भोपाल. मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन पर मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी। इसमें पहली सूची के लिए नाम तय किए जाएंगे। इसमें विधायक और लगातार तीन बार से हार रही 66 सीटों के प्रत्याशियों के नाम का प्रस्ताव केंद्रीय चुनाव समिति को भेजने पर सहमति बन सकती है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि पांच अक्टूबर के बाद प्रत्याशियों की पहली सूची घोषित की जा सकती है। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रत्याशी चयन को लेकर दो दौर की बैठक हो चुकी है।
जिन्हें चुनाव लड़ाया जाना है, उन्हें हम इशारा कर चुके- कमल नाथ
स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, सदस्य अजय कुमार लल्लू, सप्तगिरि उलका और प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला जिला अध्यक्ष, प्रभारी, संगठन मंत्री, ब्लाक अध्यक्ष, चुनाव समिति के सदस्य, विधायक, पूर्व विधायक और प्रदेश पदाधिकारियों से फीडबैक ले चुके हैं। दिल्ली में पिछले माह समिति के सदस्य तीन दिन प्रत्याशी चयन को लेकर प्रारंभिक चर्चा भी कर चुके हैं। पिछले सप्ताह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी दिल्ली में प्रत्याशी चयन को लेकर बैठक की थी। सूत्रों का कहना है कि मंगलवार को पहली सूची में शामिल किए जाने वाले नामों पर मंथन कर प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया जाएगा। केंद्रीय चुनाव समिति की हरी झंडी मिलने के बाद सूची घोषित कर दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि कमल नाथ कह चुके हैं कि जिन्हें चुनाव लड़ाया जाना है, उन्हें हम इशारा कर चुके हैं। बैठक में कमल नाथ, दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष डा.गोविंद सिंह, अरुण यादव सहित समिति के अन्य सदस्य भाग लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *