ग्वालियर जू का होगा विस्तार, ओपन एवियरी में होगा पक्षियों का दीदार

ग्वालियर. फूलबाग स्थित गांधी प्राणी उद्यान यानी जू के विस्तार की तैयारियां शुरू हो गई हैं। यहां स्वर्ण रेखा नाले के दूसरी तरफ बाउंड्रीवाल का काम चल रहा है। लगभग दो हेक्टेयर जमीन पर इंदौर जू की तर्ज पर ओपन एवियरी, एक एनिमल रेस्क्यू सेंटर और रैपटाइल्स एरिया तैयार किया जाएगा। इसमें सैलानियों के आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र ओपन एवियरी होगी, जिसमें पक्षी पिंजरे के बजाय खुले में उड़ते नजर आएंगे।
एवियरी जलविहार के सामने तैयार की जाएगी
इसमें 30 प्रजाति के 200 से अधिक पक्षियों को रखा जाएगा। इनमें तोते से लेकर मकाऊ, डव, लव बर्ड्स आदि प्रजातियां शामिल हैं। दरअसल, दो वर्ष पहले इंदौर के जू में ओपन एवियरी तैयार की गई थी। इसमें पक्षियों को प्राकृतिक परिवेश मिलता है, साथ ही उन्हें उड़ने के लिए जगह मिलती है। एवियरी में एक निश्चित ऊंचाई पर मजबूत कपड़े की जालियां लगा दी जाती हैं, ताकि पक्षी उस दायरे के अंदर ही रहें। ठीक इसी तर्ज पर अब ग्वालियर में जू के विस्तार के साथ ही एवियरी तैयार करने की प्लानिंग बनाई गई है। यह एवियरी जलविहार के सामने तैयार की जाएगी। इसके लिए पूर्व में जलविहार के सामने स्वर्ण रेखा नाले के ऊपर से लोहे का एक पुल तैयार कर पुराने जू और विस्तार के लिए प्रस्तावित नई जगह को जोड़ दिया गया है, ताकि सैलानी आराम से दोनों तरफ आ जा सकें। वर्तमान में जू के अंदर पक्षियों को केज में रखा जाता है, जिन्हें विस्तार के बाद एवियरी में रखा जाएगा।
रैपटाइल्स भी खुले में
चिड़ियाघर के अंदर अभी सरीसृपों को कांच के केज में रखा जाता है। यहां कई तरह के सांप मौजूद हैं। अब विस्तार के बाद प्रयास किया जाएगा कि सांपों को भी खुले एरिया में ही रखा जाए, ताकि सैलानियों को ज्यादा रोमांच का अनुभव कराया जा सके। इसके अलावा घड़ियाल और मगरमच्छों के लिए भी यहां अलग से तालाब तैयार कराए जाने की योजना बनाई जा रही है। अभी वर्तमान में मौजूद तालाब घड़ियाल व मगरमच्छों की संख्या के हिसाब से अपर्याप्त है। ऐसे में इन्हें विस्तार वाली जगह पर रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *