MP में CM दावेदारों पर चर्चा तेज
भोपाल. भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की दूसरी सूची में दिग्गजों को शामिल कर न केवल चौंकाया है, बल्कि एक तीर से कई निशाने भी लगाए हैं। सियासी गलियारे में इस सूची को लेकर खासी हलचल है। भाजपा में सतह के नीचे की निष्क्रियता अचानक काफूर हो गई है, तो कांग्रेस के पास इन दिग्गजों के मुकाबले प्रत्याशी उतारने की चुनौती बढ़ गई है।
मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भोपाल में यह स्पष्ट कर दिया था कि मप्र में भाजपा मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किए बिना चुनाव लड़ेगी। भाजपा ने इन दिग्गजों को मैदान में उतारकर जातिगत और क्षेत्रीय समीकरण भी साधने की कोशिश की है। इनका खुद का औरा इतना अधिक है कि वह स्वयं जीतने के साथ आसपास की सीटों पर भी कमल खिलाने में कारगर साबित हो सकते हैं।
ग्वालियर-चंबल संभाग तोमर के हाथ
प्रत्याशियों की घोषणा और दिग्गज नेताओं को उतार कर भाजपा ने चुनाव से करीब दो महीने पहले ही कार्यकर्ताओं को भी सक्रिय कर दिया है। माना जा रहा है कि वरिष्ठ नेताओं के मैदान में होने से टिकट के लिए असंतोष की गुंजाइश भी नहीं रह जाएगी। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के मैदान में होने से ग्वालियर-चंबल संभाग में पार्टी के लिए बड़ी चुनौती से निपटना आसान होगा। यहां तोमर के मुकाबले कांग्रेस के पास कोई चेहरा नहीं है।
मालवांचल और महाकोशल को साधा
मालवांचल में यही लाभ कैलाश विजयवर्गीय के होने से मिलेगा। इंदौर और आसपास की सीटों पर विजयवर्गीय का करीब दो दशक से प्रभाव माना जा रहा है। महाकोशल में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और राकेश सिंह का प्रभाव कारगर साबित हो सकता है। पटेल अटल सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं और ओबीसी वर्ग के बड़े नेता हैं। जबलपुर से सांसद राकेश सिंह लोकसभा में पार्टी की ओर से सबसे लंबे समय तक सचेतक रहने के साथ महाकोशल में भाजपा को मजबूत बनाया है।
