ग्वालियर में इंटेलीजेंस फेल,पहले से तय था कलेक्ट्रेट का घेराव, उपद्रवियों के वाहनों के नंबर से होगी पहचान
ग्वालियर. सोमवार को गुर्जर समुदाय का गुर्जर महाकुंभ कब उपद्रव में बदल गया पुलिस को पता भी नहीं लगा। हजारों गुर्जर युवा, बिना नेता के आंदोलन करने उतरे थे। यही कारण रहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन उग्र आंदोलन में बदल गया। पुलिस चाहती तो इस उपद्रव को रोका जा सकता था, लेकिन पुलिस का इंटेलीजेंस पूरी तरह फेल रहा है। फूलबाग मैदान में चल रहे गुर्जर महाकुंभ में भडकाऊ भाषण के बाद दोपहर 1.30 बजे करीब 800 से 900 युवा फूलबाग चौराहा पर आए और यहां जाम लगाने बैठ गए। यहां जब पुलिस ने उन्हें काबू करना चाहा, तो उपद्रवियों ने सिरोल थाना की मोबाइल (गाड़ी) के कांच तोड़ दिए। इसके बाद किसी तरह पुलिस ने कन्ट्रोल कर लिया। पुलिस को पता था कि यह तो कुछ युवक थे। महाकुंभ में आए सभी सदस्य एक साथ कलेक्ट्रेट जाएंगे। उसके बाद भी पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। पहली घटना के तीन घंटे बाद 4.30 बजे के लगभग गुर्जर युवा कलेक्ट्रेट पहुंचे और यहां उपद्रव मचा दिया। यहां उन्हें रोकने के लिए कोई फोर्स नहीं था। 15 से 20 पुलिस वाले थे वह भी पूरी तैयारी से नहीं थे।
तीन घंटे में कलेक्ट्रेट पर फोर्स नहीं पहुंचा सके
गुर्जर समुदाय के युवाओं ने फूलबाग पर तोड़फोड़ की तो वहां एडिशनल एसपी, सीएसपी व कई थाना प्रभारी थे। इसके बाद भी वह गुर्जर समाज के लोगों का मन नहीं समझ पाए। तीन घंटे बाद वह कलेक्ट्रेट पर फिर हंगामा हुआ। यदि फूलबाग पर मौजूद पुलिस अधिकारी समझदारी दिखाते तो कलेक्ट्रेट पर जब गुर्जर समुदाय के लोग पहुंचते तो वहां पर्याप्त बल होता और इस उपद्रव को रोका जा सकता था।
कलेक्ट्रेट का घेराव पहले से तय था
गुर्जर महाकुंभ का आयोजन पहले से तय था। गुर्जर महाकुंभ के संयोजक दिनेश कंसाना ने दो दिन पहले ही घोषणा की थी कि गुर्जर महाकुंभा में मंच से सभा होने के बाद सभी सदस्य रैली के रूप में कलेक्ट्रेट जाएंगे और यहां कलेक्टर ग्वालियर को अपनी मांगों से अवगत कराने ज्ञापन सौंपा जाएगा। जब यह कार्यक्रम तय था तो पुलिस ने इंतजाम क्यों नहीं किए।
उपद्रवियों के वाहनों के नंबर से होगी पहचान
पुलिस को कलेक्ट्रेट के सामने पेट्रोल पंप पर खड़े लगभग डेढ़ सैकड़ा वाहन मिले हैं। यह वाहन उन लोगों के हैं जो कलेक्ट्रेट में हंगामा करने आए थे। उपद्रवी पुलिस के खदेड़ने के बाद बिना वाहनों के भागे हैं। अब पुलिस ने यह वाहन जब्त कर लिए हैं। अब इनके रजिस्ट्रेशन नंबर से पुलिस एक-एक उपद्रवी का पता लगाकर उनके घर पहुंचेगी।
रामप्रीत के नेतृत्व में पहुंचे थे युवा
कलेक्ट्रेट पर हंगामा करने के लिए गुर्जर समुदाय के युवा रामप्रीत नाम के युवक के नेतृत्व में पहुंचे थे। रामप्रीत सबसे आगे चल रहा था। पुलिस के रिकॉर्ड मंे इसका नाम है। पर कुछ समय से यह गुर्जर युवाओं का नेतृत्व कर रहा है।
