CM शिवराज सिंह से लेकर केंद्रीय मंत्री तक जाम में फंसे

भोपाल. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा को लेकर भोपाल में ट्रैफिक के बड़े-बड़े दावे किए गए थे। लेकिन जैसे ही मोदी की सभा खत्म हुई। तमाम दावे फेल होते नजर आए। दोपहर में आधा शहर ट्रैफिक जाम में फंसा रहा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह से लेकर केंद्रीय मंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्री और बीजेपी के कई बड़े नेता भी जाम में फंस गए। सबसे ज्यादा बुरे हाल पुराने भोपाल और भेल इलाके के रहे। पिपलानी के पास एक एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई। जिसे पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद रास्ता दिलाया।

आनंद नगर में दोपहर 3 बजे तक जाम के हालात बने रहे।
पैदल जा रहे लोगों से जाम के हालात बने
प्रधानमंत्री का भाषण खत्म होने से पहले ही लोगों ने निकलना शुरू कर दिया था। इस वजह से जाम की स्थिति बनी। सीएम शिवराज सिंह का कॉरकेड जब जंबूरी मैदान से निकला तो पास में ही महात्मा गांधी चौराहे पर जाम में फंस गया। हालात को देखते हुए सीएम ने गाड़ी के गेट पर खड़े हो गए और जनता का अभिवादन करते हुए धीरे-धीरे आगे बढ़ते रहे। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और अश्विनी वैष्णव का काफिला भी जाम में फंस गया। दोनों केंद्रीय मंत्रियों को जाम में फंसा देख कई लोग उनसे मिलने पहुंच गए। प्रदेश के मंत्रियों की गाड़ियां भी जंबूरी मैदान से गांधी चौराहे तक जाम में फंसी रही। पिपलानी चौराहे पर भी बसों को एक लेन से निकाला जा रहा था। दूसरी लेन पर पैदल आ रहे लोगों की वजह से जाम जैसे हालात रहे। दूसरी लेन से बाहर जाने वाली बसों को निकाला जा रहा है।

अन्ना नगर चौराहे पर ट्रैफिक को काफी देर तक रोककर रखा गया।
पुलिस ने रास्ता बंद किया, वाहनों की लगी कतारें
अन्ना नगर चौराहे पर भी जाम लग गया। आम लोगों के साथ वीआईपी के कॉरकेड निकलने से जाम के हालात बने। यहां बैरिकेड्स लगाए गए। थोड़ी-थोड़ी देर में ट्रैफिक रिलीज किया गया। वीआईपी मूवमेंट होने की वजह से पुलिस ने एक तरफ का रास्ता बंद कर दिया। इस कारण गाड़ियों की लंबी लाइन लग गईं। दूसरी ओर कई मंत्री, सांसद और विधायकों को भी लाइन में फंसना पड़ा। काफी समय से फंसे लोगों के सब्र का बांध भी टूट गया और उन्होंने पुलिस से अपनी नाराजगी भी जताई। दोपहर 1 बजे से यहां ट्रैफिक का दबाव ज्यादा था, जो दोपहर 2 बजे बाद थोड़ा कम हुआ और लोग आसानी से निकलने लगे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *