भोपाल में मोदी ने कहा कांग्रेस का ठेका अब अर्बन नक्सलियों के पास है
भोपाल. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भोपाल में कहा, मोदी यानी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी। जहां-जहां कांग्रेस गई, उस राज्य को बर्बाद कर दिया। कांग्रेस का ठेका अब अर्बन नक्सलियों के पास है। PM ने जंबूरी मैदान में भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित किया। PM ने आग्रह करते हुए कहा, 2 अक्टूबर को बापू की जयंती है। इससे पहले 1 अक्टूबर को स्वच्छता से जुड़ा कार्यक्रम पूरे देश में होने वाला है। मेरा आग्रह है कि आप सभी इस स्वच्छता के कार्यक्रम में जुड़िए। त्योहारों में हमें ‘वोकल फॉर लोकल’ याद रखना है। खादी के कपड़े खरीदने हैं। जो गिफ्ट खरीदें, वो लोकल हो, भारत में बना हो, यह बात हमें कभी भी भूलनी नहीं है।

संसद में महिला आरक्षण बिल पर
मैं मध्यप्रदेश की बहनों को याद दिलाने आया हूं कि मोदी ने आपको जो गारंटी दी थी, वो भी पूरी हो गई है। कुछ दिन पहले ही लोकसभा-राज्यसभा में 33% सीट आरक्षित करने का कानून नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित हुआ। दशकों से देश की माताएं-बहनें इसका इंतजार कर रही थीं। यह तक कहा जाने लगा कि शायद यह कभी नहीं हो पाएगा। मोदी है तो हर गारंटी पूरी होने की गारंटी है।
आज मैं मध्यप्रदेश सहित देश की बहनों को सावधान करना चाहता हूं। कांग्रेस और उसके नए घमंडिया गठबंधन ने मजबूरी में इस बिल का समर्थन बहुत खट्टे मन से किया। यह खट्टापन उनके बहानों में दिखता है। इनके गठबंधन में जितने लोग हैं, वही लोग हैं, जिन्होंने 30 साल तक इस कानून को पारित नहीं होने दिया। पार्लियामेंट में हुड़दंग किया, बिल फाड़ दिए, स्पीकर पर हमले बोल दिए।
अब उनको यह लगता है कि देश की माताएं – बहनें उनके चरित्र को जान गई हैं, तो अब क्या शुरू किया- ये क्यों नहीं है, वो क्यों नहीं है, ऐसा क्यों है, वैसा क्यों नहीं उनको नारी शक्ति वंदन अधिनियम का मजबूरी में समर्थन इसलिए करना पड़ा, क्योंकि मेरी माताएं-बहनें जाग गई हैं। ये माताओं-बहनों से डरे हुए हैं। इसलिए नीची मुंडी कर हाउस में बेमन से अंगुली दबा दी।
इन्होंने तो दशकों तक देश में भारी बहुमत से सरकारें चलाई हैं। तब क्यों नहीं कानून बनाया? जो बहाने ये आज बना रहे हैं, तब क्यों नहीं ये सब कुछ कर दिया। सच यह है कि इनकी नीयत में खोट है।

महिलाओं को सतर्क किया
मेरी माताएं-बहनों, मेरे शब्द याद रखना। मौका मिलते ही घमंडिया गठबंधन के लोग माताओं – बहनों को धोखा देना का तय करके बैठे हैं, तैयार बैठे हैं। कांग्रेस के घमंडिया साथी वही हैं, जिन्होंने इस कानून को रोकने के लिए हर मर्यादा तोड़ी है। इनकी यह सोच आज भी नहीं बदली है। ये लोग बहुत बौखलाए हुए हैं।
यह अब एक नया खेल खेलेंगे। पक्का मानिए। यह नारी शक्ति को बांटने की पूरी कोशिश करेंगे। नारी शक्ति एक न हो, इसलिए अफवाहें फैलाएंगे। देश की हर माता, बहन, बेटी को सावधान, सतर्क और एकजुट रहना होगा। ये वही लोग हैं, जिन्होंने द्रौपदी मुर्मू को देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनने से रोकने का भरसक प्रयास किया।
ये वही लोग हैं, जिन्होंने देश की सेनाओं के अग्रिम मोर्चों में बेटियों की एंट्री को रोक कर रखा था। अगर इनकी नीयत ठीक होती तो वे क्या मोदी को करोड़ों बहनों के नाम पक्के घर करने देते। आज आजादी के इतने साल बाद यह काम मुझे करना पड़ रहा है। इनको नहीं दिखता था कि सब कुछ पुरुष के नाम पर है। महिलाओं के नाम पर कुछ नहीं।
यह दिखाता है कि मध्यप्रदेश के मन में क्या है
यह जन सैलाब, उमंग, उत्साह, महाकुंभ, महासंकल्प, बहुत कुछ कहता है। यह दिखाता है कि मध्यप्रदेश के मन में क्या है यह दिखाता है नई ऊर्जा से भरी हुई भाजपा। यह दिखाता है भाजपा का और भाजपा के हर कार्यकर्ता का बुलंद हौसला।
मध्यप्रदेश सिर्फ भाजपा के विचार का ही नहीं, विकास के विजन का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। आज जब देश अमृतकाल की नई विकास यात्रा पर निकला है, तब मध्यप्रदेश की भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है।

