भीड़ के बीच फंसी लाडली बहनें, तो मामा ने रथ रुकवाकर कार्यकर्ताओं को लगाई फटकार
इंदौर. विधानसभा पांच में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ मालवा मिल चौराहे से हुआ। यात्रा जैसे ही आगे बढ़ी तो कार्यकर्ताओं में जोश भर गया और वह रथ के चारों तरफ घेरकर खड़े हो गए। इस दौरान भीड़ के बीच में लाड़ली बहनें फंस गई, यह देखकर शिवराज सिंह चौहान ने रथ को रुकवाकर कार्यकर्ताओं को फटकार लगाई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि मेरी बहनों को मंच पर बैठने दें, वहां पर भीड़ नहीं बढ़ाएं। बहनों को भीड़ में धक्कामुक्की न करें। इसके बाद लाडली बहनों को गाड़ी के पास बुलाया, लाडली बहना सेना ने मुख्यमंत्री को तिलक लगाकर पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। रथ पर मुख्यमंत्री के साथ कैलाश विजयवर्गीय, विधायक महेंद्र हाड़िया, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, निशांत खरे आदि मौजूद थे। अनेक मंचों से मुख्यमंत्री के रथ पर पुष्पवर्षा होती रही। मुख्यमंत्री ने भी कार्यकर्ताओं पर पुष्प उछालकर उनका अभिन्नंदन किया।
पुलिस पीछे-पीछे घूम रही थी इसलिए खुद ही पहुंच गए थाने
जन आशीर्वाद के विधानसभा एक में पहुंचने से पहले ही हंगामा हो गया था। सूचना मिली थी कि कुछ भाजपाइयों ने यात्रा के दौरान पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता का विरोध करने की तैयारी कर ली है। भनक लगते ही पुलिस सक्रिय हुई और विरोध करने वालों का पीछा शुरू कर दिया। पुलिस को अपने पीछे-पीछे आता देख ये भाजपाई खुद एरोड्रम पुलिस थाने पहुंच गए। विरोध करने वालों में एक पूर्व पार्षद के साथ मोर्चा और मंडल पदाधिकारी शामिल थे। एरोड्रम पुलिस थाने पर इन लोगों ने गुप्ता के खिलाफ नारेबाजी भी की।
