ग्वालियर में सटोरियों से खातों में रुपए डलवाने वाले आरोपी SI ने हनीट्रैप के आरोपियों से भी सांठगांठ की थी

ग्वालियर. क्रिकेट सटोरियों को पकड़कर उनसे खातों में रुपए डलवाने वाले आरोपी एसआई मुकुल यादव ने हनीट्रैप के आरोपियों से भी सांठगांठ की थी। हनीट्रेप के मामले में एसआई की विवेचना से आरोपी कोर्ट से बरी हो गए थे। इस पर न्यायालय ने एसआई के खिलाफ टिप्पणी (एडवर्ड टीप) की थी। शाजापुर में 3 साल पूर्व के इस मामले के बाद एसआई को ग्वालियर तबादला किया गया था। सटोरियों से रुपए खातों में डलवाने के आरोपी एसआई सहित पुलिस कर्मियों का प्रकरण दर्ज होने के 48 घंटे बाद भी कोई सुराग पुलिस को नहीं मिला। सटोरियों से वसूली की रकम जिन खातों में डाली गई थी उन्हें और इन खातों से रकम जिन दूसरे खातों में शिफ्ट की गई उन्हें फ्रीज कर दिया गया है। इन खाताधारकों को पकड़ने के लिए पुलिस पार्टी राजस्थान व गुजरात भेजी जाएगी। मामले की जांच भी सिरोल थाने प्रभारी से लेकर विवि थाना प्रभारी को दे दी गई है।
3 खातों में शिफ्ट हुई रकम
सटोरियों से पुलिस कर्मियों द्वारा राजस्थान और गुजरात के जिन खातों में रकम ट्रांसफर कराई गई थी वह रकम कुछ ही घंटों में दूसरे खातों में शिफ्ट की गई। रकम तीन खातों में शिफ्ट की गई अब पुलिस ने इनमें से कुछ खातों को फ्रीज करा दिया है और इन खातों के ट्रांजेक्शन की जानकारी भी बैंक प्रबंधन से मांगी गई है।
एसआई की जांच चल रही है
एसआई मुकुल के खिलाफ एक प्रकरण में आरोपी बरी होने पर न्यायालय ने एडवर्ड टीप दी थी। एसआई की विभागीय जांच की जा रही है।
यशपाल राजपूत, एसपी शाजापुर

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *