ग्वालियर में 17 दिन में मिले 106 डेंगू पेशेंट, एक बच्ची की मौत

ग्वालियर. डेंगू अब जानलेवा होता जा रहा है। रविवार को दिल्ली में ग्वालियर की एक आठ वर्षीय बच्ची भावेशा ने दम तोड़ दिया है। वह सात दिन से तेज बुखार से पीड़ित थी। 14 सितंबर को उसे एक नर्सिंग होम में भर्ती किया गया था जहां डेंगू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद 16 सितंबर को बच्ची को दिल्ली रैफर किया गया था जहां रविवार शाम को उसने दम तोड़ दिया। यह डेंगू से पहली मौत हो बीते 17 दिन में शहर में डेंगू के 106 केस मिल चुके हैं। अब तक डेंगू पेशेंट की संख्या 179 हो चुकी है। जिस बच्ची की मौत हुई है वह विवेक विहार में रहती है। जब यहां सर्वे किया गया तो 164 घरों में से 20 घर में डेंगू का लार्वा मिला है। मतलब बच्ची के आसपास डेंगू का लार्वा पनप रहा था।
8 साल की बेटी की रविवार को दिल्ली में डेंगू से मौत
शहर में डेंगू से एक मौत के बाद स्वास्थ विभाग में हड़कंप मच गया है। शहर के विवेक विहार निवासी शशांक भार्गव की 8 साल की बेटी भावेशा की रविवार को दिल्ली में डेंगू से मौत हो गई है। डॉ. दीपक अग्रवाल ने बताया कि भावेशा के परिजन भर्ती कराने से पहले ही डेंगू की जांच कराकर आए थे। मोबाइल पर परिजन ने डेंगू की रिपोर्ट दिखाई थी। भावेशा को डेंगू के साथ सेप्टीसीमिया भी था,जिसके कारण उसका ब्लडप्रेशर नहीं बढ़ रहा था। जिस कारण उसकी हालत हर घंटे बिगड़ रही थी। उसे दिल्ली रैफर किया गया था जहां उसने दम तोड़ दिया। उधर रविवार को जिला अस्पताल मुरार और जीआरएमसी के माइक्रो बायोलॉजी विभाग में डेंगू के 110 संदिग्ध मरीजों के सैंपल की जांच की गई। जांच में 16 मरीजों को डेंगू होने की पुष्टि हुई। इनमें से 9 मरीज ग्वालियर के हैं, जबकि 7 मरीज पड़ोसी जिलों के हैं। जिले में मिले इन 9 मरीजों को मिलाकर डेंगू के मरीजों संख्या जिले में 179 हो गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *