ग्वालियर में 2 बहनें बारिश से भरे गड्‌ढे में डूबी, मौत

ग्वालियर. देहात में कुछ देर की बारिश से एक परिवार की जिंदगी उजड़ गई। बारिश से घर के पास ही एक गड्ढे में पानी भर गया। जहां खेलते हुए 10 साल की संजना उसमें गिर पड़ी। उसे बचाने उसकी बड़ी बहन नंदनी (12) भी कूद पड़ी। गड्ढा गहरा था कुछ ही देर में दोनों बहनें गड्ढे में समा गईं। घटना शुक्रवार शाम पानी की टंकी पिछोर की है। घटना के समय बच्चियों के मां-पिता काम पर गए थे जब वह लौटे तो बच्चियां घर पर नहीं थीं। पर गड्ढे के पास उनका छोटा भाई रो रहा था। बच्चे से खुलासा हुआ तो परिजन ने बच्चियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने गोताखोर उतारकर बच्चियों के शव बाहर निकाले हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
लापरवाही के गड्ढे ने ली जान
ऐसा पता लगा है कि जिस गड्ढे में दोनों बच्चियों की डूबकर मौत हुई है वह गांव के लोगों की लापरवाही का ही नतीजा है। गांव के लोग वहां से मुरहम खोदकर निकालते हैं। जिस कारण वहां गहरा गड्ढा हो गया है। यह गड्ढा करीब 11 से 12 फीट गहरा है। इसमें बरसात का पानी भर गया तो वह तालाब जैसा बन गया है।
पुलिस का कहना
इस मामलें में पिछोर थाना प्रभारी बलविंदर ढिल्लन ने बताया कि दो सगी बहनों की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई है। मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम हाउस भेजकर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *